मालाबार गोल्ड एंड डायमंड्स ज्वैलरी शॉप बिलासपुर में सराफा व्यापारियों ने लगाया ये आरोप किया हंगामा…

छत्तीसगढ़/बिलासपुर: तारबाहर थाना क्षेत्र में मैग्नेटो मॉल के सामने स्थित मालाबार गोल्ड एंड डायमंड्स ज्वैलरी शॉप में आभूषणों की बिक्री को लेकर विवाद सामने आया है। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने दुकान में पहुंचकर कथित गड़बड़ी को लेकर जमकर हंगामा किया।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि ग्राहकों को 22 कैरेट बताकर 20 कैरेट का सोना बेचा जा रहा है। इसके अलावा पुराने सोने (ओल्ड गोल्ड) के एक्सचेंज के दौरान भी करीब 8 प्रतिशत सोने की कमी किए जाने का आरोप लगाया गया है।
छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने किया विरोध…
आभूषणों की बिक्री में कथित गड़बड़ी की जानकारी मिलने के बाद छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन से जुड़े व्यापारी ज्वैलरी शॉप पहुंचे। इस दौरान व्यापारियों और दुकान प्रबंधन के बीच विवाद की स्थिति बन गई और मौके पर काफी देर तक हंगामा हुआ। व्यापारियों ने सोने की शुद्धता और पुराने सोने के एक्सचेंज में कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाए। मामले को लेकर दुकान में मौजूद कर्मचारियों और व्यापारियों के बीच तीखी बहस भी हुई।
ज्वैलरी हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस…
ज्वैलरी शॉप में हंगामे की सूचना मिलने के बाद तारबाहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों से मामले की जानकारी ली। मामले में संबंधित पक्षों के बयान और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।



