शारदीय नवरात्रि : माँ बम्लेश्वरी मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था संभालने के लिए 1100 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान रहेंगे तैनात, प्रत्येक पार्किंग स्थल पर CCTV..

छत्तीसगढ़/राजनांदगांव : शारदीय नवरात्रि के दौरान माँ बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर राजनांदगांव पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं। मेले में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था संभालने के लिए 1100 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे। पुलिस का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ दर्शन और आवागमन को सुगम बनाना है।
वही पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अजय यादव के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में नवरात्रि ड्यूटी की तैयारियां की जा रही हैं। मंदिर परिसर से लेकर मेला क्षेत्र, रेलवे स्टेशन और प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहेगा।
ऊपर मंदिर, नीचे मंदिर और मेला क्षेत्र में रहेगी कड़ी निगरानी
नवरात्रि के दौरान माँ बम्लेश्वरी के ऊपर मंदिर, नीचे मंदिर, मेला क्षेत्र, दर्शन मार्ग और रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे। भीड़ को नियंत्रित करने, श्रद्धालुओं को रास्ता बताने और आपात स्थिति में तत्काल सहायता पहुंचाने के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें सक्रिय रहेंगी। अपराध नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए क्राइम टीम भी तैनात रहेगी। संवेदनशील स्थानों, प्रवेश मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी। पुलिस अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
पार्किंग स्थल पर CCTV और रोशनी की व्यवस्था…
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डोंगरगढ़ के प्रत्येक पार्किंग स्थल पर CCTV कैमरे और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। इससे पार्किंग क्षेत्रों की निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलेगी। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।
तीन प्रमुख मार्गों पर विशेष यातायात प्रबंधन…
नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं और पदयात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए डोंगरगढ़ आने वाले प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था बनाई गई है। इनमें शामिल हैं-
- अंजोरा बायपास से डोंगरगढ़ मार्ग।
- तुमड़ीबोड़ से डोंगरगढ़ मार्ग।
- चिचोला–बिराटलाब–खैरागढ़ मार्ग।
इन मार्गों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने, जरूरत के अनुसार डायवर्जन लागू करने और यातायात सुचारु रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा। वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों का पालन करने और सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की गई है।
सुरक्षा के लिए बांटे जाएंगे 20 हजार रेडियम स्टिकर…
नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु रात में पैदल चलकर माँ बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ पहुंचते हैं। ऐसे में सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के उद्देश्य से राजनांदगांव पुलिस 20 हजार रेडियम स्टिकर वितरित करेगी। रेडियम स्टिकर से रात में पदयात्रियों की दृश्यता बढ़ेगी और वाहन चालकों को सड़क पर चल रहे लोगों को पहचानने में आसानी होगी। पुलिस ने पदयात्रियों से सड़क के किनारे सुरक्षित चलने, समूह में अनुशासित तरीके से यात्रा करने और यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
आपात स्थिति में कंट्रोल रूम से मिलेगी सहायता…
मेले के दौरान किसी भी आपात स्थिति या परेशानी में श्रद्धालु राजनांदगांव पुलिस कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा डोंगरगढ़ के शिरपानी डोम, ऊपर मंदिर और नीचे मंदिर परिसर में बनाए गए कंट्रोल रूम में मौजूद पुलिस अधिकारियों से भी मदद ली जा सकती है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असुविधा की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिसकर्मी को दें, ताकि समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
बच्चों और सामान की सुरक्षा का रखें ध्यान
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान अनावश्यक कीमती सामान और अधिक नकदी साथ लाने से बचें। भारी भीड़ में बच्चों को अपने साथ रखें और उन्हें अकेला न छोड़ें। बच्चों को अभिभावकों का नाम और मोबाइल नंबर याद करवाने या संपर्क विवरण लिखकर उनके पास रखने की सलाह दी गई है। यदि कोई बच्चा या परिवार का सदस्य भीड़ में बिछड़ जाए, तो घबराने के बजाय तत्काल नजदीकी पुलिसकर्मी या कंट्रोल रूम से संपर्क करें। इसके साथ ही निर्धारित पार्किंग का उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर तैनात रहेगा पुलिस बल…
माँ बम्लेश्वरी मंदिर के अलावा जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों माँ शीतला मंदिर, माँ पायल भैरवी मंदिर और माँ करेला भवानी मंदिर में भी सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक पुलिस बल तैनात किया जाएगा। राजनांदगांव पुलिस ने कहा है कि नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिस ने माँ बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।



