छत्तीसगढ़

सांसद रवि किशन पहुचें रायपुर…कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी पर साधा निशाना

छत्तीसगढ़/रायपुर: छत्तीसगढ़ के रायपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद रवि किशन ने इंडी गठबंधन के विरोध-प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी को चुनाव में हराने में असफल होने के कारण अब विरोध-प्रदर्शन के जरिए जनता को परेशान कर रहे हैं। भाजपा सांसद रवि किशन ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि लोकतंत्र में विरोध करने का अधिकार सभी को है लेकिन इसके नाम पर सड़कों को जाम करना, हिंसा करना और आम लोगों की मुश्किलें बढ़ाना उचित नहीं है।

रवि किशन ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वीडियो में देखा जा सकता है कि वे लोगों के साथ धक्का-मुक्की कर रहे हैं और मारपीट पर उतर आए हैं। उन्होंने राहुल गांधी के मानसिक संतुलन पर भी टिप्पणी की। भाजपा सांसद ने कहा कि विरोध-प्रदर्शनों के कारण आम लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर जाम लगने से एम्बुलेंस में मरीजों के साथ जा रहे लोगों को दिक्कत हो रही है और कई लोग समय पर अपने कार्यस्थल तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि विरोध करने का मतलब सड़कों को अवरुद्ध करना नहीं है। भारत एक स्वतंत्र देश है, जहां हर व्यक्ति को अपनी बात रखने और विरोध दर्ज कराने का अधिकार है। विपक्ष को लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठानी चाहिए, ताकि उनकी बात सुनी जा सके। रवि किशन ने उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को लेकर हुई झड़प का जिक्र करते हुए दावा किया कि इस दौरान जूते-चप्पल चले। उन्होंने इस घटनाक्रम में समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव की भूमिका पर भी सवाल उठाए। साथ ही, उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों के बीच बढ़ती निराशा के कारण इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।

भाजपा सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि जी20 शिखर सम्मेलन सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का सम्मान बढ़ा है। उन्होंने सवाल किया कि जब दुनिया के नेता प्रधानमंत्री मोदी को एक आदर्श नेता मानते हैं, तो विपक्ष उनके नेतृत्व का विरोध क्यों कर रहा है। रवि किशन ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने 65 वर्षों तक देश का शोषण किया और अब भारत को फिर पीछे ले जाना चाहती है। उन्होंने कहा कि जनता प्रधानमंत्री मोदी और उनकी सरकार के साथ है तथा देश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button