इन्दौर : शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने CM डॉ. मोहन यादव से अगले 12 महीनों की जलापूर्ति कार्ययोजना सार्वजनिक करने की मांग की

मध्यप्रदेश/इंदौर: इंदौर में संभावित जलसंकट को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने शहर की जलापूर्ति व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए भाजपा सरकार से अगले 12 महीनों की कार्ययोजना सार्वजनिक करने की मांग की है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से उच्चस्तरीय बैठक बुलाकर पानी की उपलब्धता और भविष्य की जरूरतों पर ठोस फैसला लेने की अपील की है। वहीं, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया ने भी भाजपा के जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर सवाल उठाए हैं।
CM यादव से 12 महीने का प्लान सार्वजनिक करने की मांग…
चिंटू चौकसे ने कहा कि इंदौर के प्रभारी मंत्री मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खुद हैं। ऐसे में संभावित जलसंकट को देखते हुए मुख्यमंत्री को जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक करनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि सरकार अगले 12 महीनों में शहर की पानी की जरूरत पूरी करने के लिए बनाई गई कार्ययोजना जनता के सामने रखे।
चौकसे का कहना है कि केवल बैठकें करने से समस्या का समाधान नहीं होगा। प्रशासन को स्पष्ट करना चाहिए कि मौजूदा जल स्रोतों का बेहतर इस्तेमाल कैसे किया जाएगा और पानी की कमी वाले इलाकों में आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे।
400 MLD पानी मिलने के बावजूद शिकायतें क्यों?
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि इंदौर को नर्मदा परियोजना से करीब 400 एमएलडी पानी मिलता है। इसके अलावा यशवंत सागर और बोरवेल जैसे स्रोत भी शहर की जरूरतें पूरी करने में मदद करते हैं। इसके बावजूद कई इलाकों में कम पानी आने, कम प्रेशर और गंदे पानी की शिकायतें सामने आने का उन्होंने दावा किया।
चौकसे के मुताबिक, यदि शहर की रोजाना पानी की जरूरत करीब 600 एमएलडी है, तो अतिरिक्त पानी की व्यवस्था के लिए अभी से तैयारी करनी होगी। उन्होंने नर्मदा परियोजना के चौथे चरण और दूसरी प्रस्तावित योजनाओं की स्थिति स्पष्ट करने की भी मांग की।
महापौर से सर्वदलीय बैठक बुलाने की अपील…
चिंटू चौकसे ने महापौर से सभी पार्षदों, भाजपा-कांग्रेस के जिम्मेदार नेताओं, शहर के जानकार लोगों और जल विशेषज्ञों के साथ बैठक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जलापूर्ति जैसे बुनियादी मुद्दे पर राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर काम करने की जरूरत है।
उन्होंने नगर निगम की आर्थिक स्थिति पर भी सवाल उठाए। चौकसे ने ठेकेदारों की देनदारियों और निगम पर करीब 2,000 करोड़ रुपये के कर्ज का जिक्र करते हुए पूछा कि पानी, सड़क और सीवरेज जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं।
रीना बौरासी सेतिया ने भी भाजपा को घेरा…
महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया ने कहा कि इंदौर में भाजपा के नौ विधायक हैं, महापौर भी भाजपा से हैं और प्रदेश के जल संसाधन मंत्री भी इंदौर से आते हैं। इसके बावजूद लोगों को पानी से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने सवाल किया कि यदि अधिकारी जनप्रतिनिधियों की बात नहीं सुन रहे हैं, तो इसका खामियाजा आम जनता क्यों भुगते? बौरासी सेतिया ने रोजगार, शिक्षा, छात्रवृत्ति, महिला सुरक्षा, दलितों पर अत्याचार और किसानों को फसल मुआवजा मिलने जैसे मुद्दों पर भी सरकार से जवाब मांगा।



