छत्तीसगढ़

गुलशन बघेल के घर ED की छापेमारी में मिलीं लग्जरी गाड़ियां, मर्सिडीज, रेंज रोवर, फॉर्च्यूनर, मोबाइल-लैपटॉप जब्त, पूछताछ के लिए ईडी कार्यालय बुलाया…

छत्तीसगढ़/दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग में ट्रांसपोर्ट और रियल एस्टेट कारोबारी गुलशन बघेल के निवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी समाप्त हो गई है। ईडी की टीम ने आज सुबह कारोबारी के घर दबिश दी थी। जांच एजेंसी के अधिकारियों ने दस्तावेजों की गहन छानबीन की और कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की प्रतियां अपने साथ ले गए। इसके अलावा मोबाइल और लैपटॉप भी जब्त किए गए हैं। वहीं गुलशन बघेल को पूछताछ के लिए ईडी कार्यालय बुलाया गया है।

जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम मंगलवार सुबह दुर्ग के ऋषभ सिटी स्थित कारोबारी गुलशन बघेल के निवास पर पहुंची थी। छापेमारी में करीब 10 अधिकारी शामिल थे। इस दौरान अधिकारियों ने घर में मौजूद दस्तावेजों की जांच की। कार्रवाई पूरी होने के बाद ईडी की टीम चल-अचल संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की प्रतियां अपने साथ ले गई। साथ ही मोबाइल और लैपटॉप भी जब्त किए गए हैं।

आलीशान पेंटहाउस, पार्किंग में मिलीं लग्जरी गाड़ियां…

बताया जा रहा है कि गुलशन बघेल ने ऋषभ सिटी की सातवीं मंजिल पर आलीशान पेंटहाउस बना रखा है। उन्हें लग्जरी गाड़ियों का शौकीन भी बताया जाता है। उनके पार्किंग परिसर में मर्सिडीज, रेंज रोवर और फॉर्च्यूनर जैसी लक्जरी गाड़ियां मिली है।

बताया जा रहा है कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में सामने आए कथित शराब और कोयला घोटाले से जुड़े पैसों को कारोबार में खपाने की आशंका के चलते यह कार्रवाई की गई है। हालांकि, छापेमारी के कारणों और जांच में मिले साक्ष्यों को लेकर ईडी की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं गुलशन बघेल पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नाम पर कथित उगाही के आरोपों को लेकर भी चर्चा में आ चुके हैं।

रायपुर में भी ईडी की दबिश…

बता दें कि मंगलवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने दुर्ग के साथ राजधानी रायपुर में भी छापेमारी की थी। रायपुर के पंडरी क्षेत्र के रवि नगर स्थित सुशील विला में ईडी के अधिकारी पहुंचे थे। टीम ने घर के अंदर दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की जांच-पड़ताल की। कार्रवाई के दौरान घर के बाहर सुरक्षाबलों की तैनाती भी की गई थी। फिलहाल दुर्ग में गुलशन बघेल के निवास पर छापेमारी समाप्त हो गई है और उन्हें आगे की पूछताछ के लिए ईडी कार्यालय बुलाया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button