जशपुर जिले की 4 ग्राम पंचायतों ने अपनी आदिवासी संस्कृति और पारंपरिक आस्था की रक्षा के लिए उठाया बड़ा कदम

छत्तीसगढ़/जशपुर : मनोरा जनपद पंचायत की चार ग्राम पंचायतों में विशेष ग्रामसभा के प्रस्ताव के बाद ईसाई धर्म प्रचारकों, पादरियों और पास्टरों के प्रवेश पर प्रतिबंध संबंधी सूचना बोर्ड लगाए गए हैं। इस फैसले को लेकर जिले में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। समर्थक इसे आदिवासी संस्कृति और पारंपरिक आस्था की रक्षा से जुड़ा कदम बता रहे हैं, जबकि ईसाई आदिवासी महासभा ने इस पर आपत्ति जताई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मनोरा जनपद पंचायत की सोगड़ा, चाड़िया, केसरा और डुमरटोली ग्राम पंचायतों में विशेष ग्रामसभा आयोजित की गई थी। इसमें आदिवासी संस्कृति, रीति-रिवाज, पारंपरिक आस्था और सामाजिक एकजुटता से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
बताया गया कि पेसा अधिनियम 1996 के तहत ग्रामसभा के अधिकारों और जिम्मेदारियों पर विचार करते हुए पादरी और पास्टरों के प्रवेश पर रोक लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके बाद संबंधित गांवों में सूचना बोर्ड लगाए गए। बताया जा रहा है कि जिले की अन्य ग्राम पंचायतों में भी इसी तरह के सूचना बोर्ड लगाने की तैयारी की जा रही है।
मामले में जशपुर एसडीएम ओंकारेश्वर सिंह ने टेलीफोन पर जानकारी देते हुए कहा कि ग्राम पंचायतें स्वायत्त निकाय हैं, लेकिन उन्हें बोर्ड लगाए जाने की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जानकारी लेकर मामले को देखा जाएगा।
वहीं, ईसाई आदिवासी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल किस्पोट्टा ने ग्रामसभा के इस फैसले पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि धर्मांतरण जैसे संवेदनशील विषय पर जागरूकता और आपसी संवाद के जरिए चर्चा होनी चाहिए। ऐसे मामलों में समाज के बीच आपसी द्वेष और विवाद की स्थिति नहीं बननी चाहिए।
समर्थकों ने बताया संस्कृति और परंपरा की रक्षा का फैसला…
दूसरी ओर, ग्रामसभा के फैसले का समर्थन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि आदिवासी समाज की अपनी विशिष्ट परंपराएं, देवी-देवता और पूजा पद्धतियां हैं। इनसे गांव की सामाजिक एकता और सामुदायिक व्यवस्था जुड़ी हुई है। पूर्व पार्षद एवं उरांव आदिवासी समाज के संतन भगत ने भी इस निर्णय को आदिवासी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण से जुड़ा कदम बताया है।
धार्मिक स्वतंत्रता और सामाजिक सद्भाव पर भी चर्चा…
फिलहाल जशपुर में यह मामला सामाजिक और धार्मिक बहस का विषय बन गया है। एक तरफ आदिवासी परंपरा और सांस्कृतिक पहचान की रक्षा की मांग उठ रही है, तो दूसरी तरफ धार्मिक स्वतंत्रता और सामाजिक सद्भाव को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। अब इस पूरे मामले में प्रशासन का रुख और आगे की कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी।



