बलरामपुर-रामानुजगंज : CM साय ने जिले के दसवीं और बारहवीं के मेधावी छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित।

छत्तीसगढ़/बलरामपुर-रामानुजगंज : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षाओं में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया तथा उन्हें आगे भी इसी उत्साह, समर्पण और आत्मविश्वास के साथ निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। बलरामपुर सर्किट हाउस में इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि “हौसला बुलंद रहना चाहिए।”
कठिन परिश्रम से निश्चित सफलता मिलती- सीएम
सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने छात्रों से उनके भविष्य के सपनों के बारे में जाना। अधिकांश विद्यार्थियों ने डॉक्टर और इंजीनियर बनने की इच्छा व्यक्त की, जबकि कुछ ने IAS अधिकारी और न्यायाधीश बनने का संकल्प जताया। सीएम साय ने सभी के सपनों को सराहते हुए कहा कि कठिन परिश्रम से निश्चित रूप से सफलता मिलती है और सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, “सपना भी देखना चाहिए और एक लक्ष्य भी तय करके आगे बढ़ना चाहिए सफलता जरूर कदम चूमती है।” उन्होंने छात्रों के अभिभावकों एवं शिक्षकों को भी बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और कहा कि आप सभी की मेहनत आज रंग लाई है।
विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री से मिलने का मिला अवसर…
जिले के कक्षा 12वीं के 5 मेधावी विद्यार्थियों जिसके अंतर्गत विकासखण्ड वाड्रफनगर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करमडीहा की कुमारी प्रतिभा गुप्ता, रामचंद्रपुर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जामवंतपुर की कुमारी स्नेहा कुशवाहा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सनवाल के सोनू, वाड्राफनगर के कृष्णा, आदर्श हायर सेकंडरी विद्यालय बलंगी की कुमारी प्रिया लता कश्यप, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बर्तीकला के अजय गुप्ता को मुख्यमंत्री से मिलने का अवसर मिला।
इसी प्रकार कक्षा 10वीं के रामचंद्रपुर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जामवंतपुर के आर्यन गुप्ता वाड्रफनगर के नेशनल पब्लिक इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल रजखेता की कुमारी आराधना पटेल, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रधुनाथनगर की कुमारी रोशनी कांशी, स्वामी आत्मानन्द उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सेमरा कुसमी की आलिया परवीन, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय रामानुजगंज की आरजू परवीन को मिलने का अवसर मिला।



