छत्तीसगढ़

बाइक चलाते समय हेडफोन पर बात करना युवक की मौत का बना कारण, ध्यान भटका और हो गया हादसा

छत्तीसगढ़/आरंग :  चिखली गांव में हेडफोन लगाकर बाइक चलाते समय 21 वर्षीय युवक ट्रैक्टर की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू ने बताया कि मृतक की पहचान जगदीश कुमार (21) पिता मन्नू के रूप में हुई है, जो बलौदाबाजार जिले के हरदी गांव का रहने वाला था। जगदीश बाइक चलाते समय हेडफोन पर बात कर रहा था, जिसके कारण उसका ध्यान भटक गया और एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक के सिर पर गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए आरंग मर्चुरी भेजा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

थाना प्रभारी की लोगों से अपील…

आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सड़क पर आपकी एक छोटी सी लापरवाही न केवल आपकी जान ले सकती है, बल्कि आपके पीछे पूरे परिवार को उम्र भर का गम दे सकती है। कृपया वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करें और अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें।

क्यों जरूरी है यातायात नियमों का पालन ?

यह दुर्घटना केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि उन सभी के लिए एक गंभीर चेतावनी है, जो वाहन चलाते समय मोबाइल या हेडफोन का उपयोग करते हैं। हेडफोन लगाने से सड़क पर आने वाली अन्य वाहनों की आवाज (हॉर्न) सुनाई नहीं देती, जिससे चालक आसपास की स्थिति से बेखबर हो जाता है। मोबाइल पर बात करने से मस्तिष्क का ध्यान ड्राइविंग से हटकर बातचीत पर केंद्रित हो जाता है, जिससे आपातकालीन स्थिति में ‘रिएक्शन टाइम’ कम हो जाता है। सिर पर लगी गंभीर चोट ही इस मौत का मुख्य कारण बनी। यदि हेलमेट सही तरीके से पहना होता, तो शायद जान बच सकती थी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button