कोरबा : विशालकाय King Cobra घर में घुसा…मचा हडकंप…वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

छत्तीसगढ़/कोरबा : कोरबा जिले के पसरखेत रेंज अंतर्गत ग्राम छुईढोड़ा में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 11 फीट लंबा विशालकाय किंग कोबरा घर में घुस गया. विशालकाय सांप को देकर परिवार के लोग घबरा गए. तत्काल घर से बाहर निकलकर उन्होंने वन विभाग को सूचना दी. मौके पर पहुंचकर वन विभाग ने सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया.
जानकारी के मुताबिक, पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान प्रधान मुख्य वन संरक्षक अरुण पांडे, सीसीएफ बिलासपुर मनोज पांडेय, डीएफओ कोरबा प्रेमलता यादव और दक्षिण उप वनमंडलाधिकारी मौजूद रहे. नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी की टीम से जितेंद्र सारथी और सीनियर फील्ड ऑफिसर सिद्धांत जैन ने सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल के साथ किंग कोबरा को पकड़ा।
रेस्क्यू के बाद किंग कोबरा का स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक पंचनामा प्रक्रिया पूरी की गई, जिसके बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास वाले घने वन क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कोरबा वनमंडल में अब तक 50 से अधिक किंग कोबरा का सफल रेस्क्यू किया जा चुका है. स्थानीय लोगों की जागरूकता और समय पर दी गई सूचना के कारण इस दुर्लभ सर्प को सुरक्षित बचाया जा सका।



