आबूरोड : शांतिवन के डायमंड हॉल में हजारों लोगों ने किया योग…प्राणायाम और राजयोग से दिया तन-मन को स्वस्थ रखने का संदेश

प्राणायाम और राजयोग से दिया तन-मन को स्वस्थ रखने का संदेश
– शांतिवन के डायमंड हॉल में हजारों लोगों ने किया योग
– नशामुक्त भारत अभियान के तरत प्रतिभागियों को कराई अभियान को गति देने की प्रतिज्ञा
– नियमित योग करने वाले भाई-बहनों को सर्टिफिकेट देकर किया सम्मानित

आबूरोड। ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय शांतिवन के विशाल डायमंड हाल में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उमंग-उत्साह के साथ मनाया गया।
इसमें हजारों लोगों ने एक साथ योग कर तन-मन को स्वस्थ रखने का संदेश दिया। वहीं ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा विश्वभर के 140 देशों में योग कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में संस्थान के महासचिव राजयोगी बीके करुणा भाई ने कहा कि जैसे कार को चलाने के लिए लाइसेंस दिया जाता है, वैसे ही इस शरीर को चलाने के लिए आत्मा जरूरी है। आत्मा में शक्ति और पावर राजयोग से मिलती है। राजयोग के अभ्यास से मन सकारात्मक होता है, बुद्धि दिव्य होती है और संस्कार श्रेष्ठ व महान बनते हैं।
90 वर्ष से दे रहे राजयोग का संदेश-
अतिरिक्त महासचिव राजयोगी डॉ. बीके मृृत्युंजय भाई ने कहा कि आज से 11 वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री ने भारत के योग का महत्व पूरी दुनिया को बताया था, तब से लेकर प्रतिवर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। इस बार हम सभी 12वां योग दिवस मना रहे हैं। योग को पूरी दुनिया में स्थापित करने, लोगों को महत्व बताने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का बहुत बड़ा योगदान है। हमारी ऋषि-मुनियों ने ध्यान-साधना के माध्यम से भारत की महान संस्कृति और योग का महत्व बताया है। ब्रह्माकुमारीज़ 90 वर्षों से देश-विदेश में जन-जन को राजयोग मेडिटेशन का संदेश दे रही है। बीके कविता बहन ने कहा कि यदि सभी को स्वस्थ रहना है तो योग जरूर करें।
नशामुक्त भारत अभियान के तहत कराई प्रतिज्ञा-
सीए बीके ललित भाई ने सभी प्रतिभागियों को नशामुक्त भारत अभियान को गति देने के लिए प्रतिज्ञा कराई। ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा देशभर में व्यापक स्तर पर नशामुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है। शांतिवन के योग एक्सपर्ट बीके बाबूलाल भाई ने सभी को योगासन, प्राणायाम के विभिन्न आसन कराए। साथ ही लंबे समय से योग कर रहे भाई-बहनों को सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया।
योग एक्सपर्ट बाबूलाल भाई काे उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए वरिष्ठ पदाधिकारियों ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। वीडियो प्रजेंटेशन भी प्रस्तुत किया गया। मधुरवाणी ग्रुप के कलाकारों ने योग दिवस पर गीत प्रस्तुत किया। संचालन बीके शिविका बहन ने किया। इस मौके पर अभियंता प्रभाग के अध्यक्ष बीके मोहन सिंघल भाई, बीके सुरेश भाई, बीके अमरदीप भाई सहित हजारों भाई-बहनें मौजूद रहे।



