रायपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मशाल रैली निकालकर कांग्रेस के खिलाफ जताया विरोध…

छत्तीसगढ़/रायपुर : 15 अगस्त को राष्ट्रीय पर्व के दौरान कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर राष्ट्रगीत के सम्मान और गरिमा के विपरीत आचरण करने का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) ने प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन किया। इसी कड़ी में रायपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मशाल रैली निकालकर कांग्रेस के खिलाफ विरोध जताया और सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया।
भाजयुमो रायपुर शहर जिला की ओर से भारत माता चौक, शंकर नगर से कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन तक मशाल रैली निकाली गई। इसके बाद कांग्रेस कार्यालय के समीप कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। इस रैली में भाजपा जिला अध्यक्ष रायपुर शहर रमेश सिंह ठाकुर, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा, रायपुर शहर जिला अध्यक्ष अर्पित सूर्यवंशी समेत भाजयुमो के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने कहा कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का अपमान किया गया। यह अपमान पूरे देश का है। इस गीत को हमारे पूर्वजों ने स्वतंत्रता के लिए गाया था। कांग्रेस के मूल स्वभाव में ही देश का अपमान करना है। गांधी खानदान और खड़गे यह न भूलें कि राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ सभी देशवासियों के लिए बहुत महत्व रखता है। यह हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का अंश है।
उन्होंने सवाल किया कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष क्या दीपक बैज भी इसका समर्थन करते हैं? ऐसे तो इनके अंदर देश के प्रति बहुत भावना दिखाते हैं, पर राष्ट्रगीत के अपमान के समय कहां गायब हो गए हैं?
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने कहा कि हमें इन कांग्रेसियों को बताना है कि वंदे मातरम् राष्ट्रगीत की क्या अहमियत है? राष्ट्रगीत हो या देश का कोई मुद्दा, अगर देश का अपमान होगा तो भाजपा को हमेशा देश के सम्मान में खड़े देखोगे और कांग्रेस के विरोध में। भाजयुमो जिला अध्यक्ष सूर्यवंशी ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी को माफी मांगनी होगी और जब तक कांग्रेस नेतृत्व माफी नहीं मांगेगा, तब तक यह आंदोलन चलता रहेगा।
इस मशाल रैली में रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, भाजयुमो प्रदेश मंत्री विशाल पांडेय, कार्यालय प्रभारी अंकित द्विवेदी, पार्षद राजेश गुप्ता, देवदत्त द्विवेदी, महामंत्री राज गायकवाड़, शंकर साहू समेत भाजपा और भाजयुमो के विभिन्न पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।



