बालोद : लाइब्रेरी से लौट रही छात्रा पर एसिड फेंकने वाले दोनों आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़/बालोद : लाइब्रेरी सेलौट रही छात्रा पर एसिड फेंकने वाले दो युवक पकड़े गए हैं। इनमें एक मुख्य साजिशकर्ता है और दूसरा वह जिसने युवती के चेहरे पर एसिड फेंका।
आरोपियों के बारे में बालोद पुलिस के मुताबिक, 20 साल का यश कुमार सोनकर जो कि, नेवारिकला बालोद का निवासी है। वह युवती से एकतरफा प्यार करता था। प्रेम का इजहार युवती की ओर से ठुकराए जाने के बाद युवक अपमानित होकर इंतकाम लेने की फिराक में था। इसी के चलते यश कुमार सोनकर ने अपने एक 20 वर्षीय साथी भैरमगढ़, बीजापुर निवासी करण कुंजाम के साथ युवती को दर्द देने की साजिश रची।
लाइब्रेरी से लौट रही थी युवती, तभी फेंका एसिड…
घटना के वक्त युवती रोज की तरह पढ़ाई कर लाइब्रेरी से लौट रही थी। उसे इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि, आगे उसकी जिंदगी को दर्द से भर देने की साजिश रची गई है। 5 अक्टूबर की दोपहर 12:30 बजे के लगभग अचानक चेहरे पर कपड़ा ढके हुए युवक ने एसिड फेंक दिया।
बालोद पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर साजिश की परतें खोल डालीं। पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता और बीजापुर से बुलाए गए उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
शहर भर के CCTV खंगाले गए…
बालोद पुलिस के मुताबिक, इस बर्बर घटना को देखते हुए विशेष टीमें बनाई गईं। शहर के चप्पे-चप्पे पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया और तकनीकी साक्ष्यों को बारीकी से जोड़ा गया। जांच की सुई तेजी से कुंदरूपारा बालोद निवासी युवती के पूर्व परिचित युवक यश कुमार सोनकर की ओर आकर टिक गई। हिरासत में लिए जाने पर यश ने पुलिस को गुमराह करने के लिए कहानियां सुनाईं, लेकिन साइबर सेल के तकनीकी प्रमाणों और खाकी की सख्त पूछताछ के आगे उसकी चालाकी ज्यादा देर नहीं टिकी।
पुलिस की इस टीम ने आरोपियों को दबोचा…
अब बालोद पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस बर्बर घटना के आरोपियों को पकड़ने में थाना प्रभारी बालोद शिशुपाल सिन्हा, थाना प्रभारी गुरुर मुकेश सिंह, साइबर प्रभारी धरम भुआर्य और आरक्षक संजय सोनी समेत समस्त कोतवाली व साइबर सेल टीम की तत्परता सराहनीय रही।



