हनुमान चालीसा के साथ बागेश्वर धाम की ‘सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा’ का भव्य शुभारंभ…बुंदेलखंड के 5 जिलों में 500 किमी का सफर तय करेंगी यात्रा, कई दिग्गज संत पहुंचे

मध्यप्रदेश/छतरपुर : मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले स्थित विश्व प्रसिद्ध बागेश्वर धाम में ‘सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा’ का भव्य और उत्साहपूर्ण शुभारंभ हो गया है। शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन आयोजित इस यात्रा में शामिल होने के लिए देश के कोने-कोने से हजारों भक्त अपने परिवारों के साथ बागेश्वर धाम पहुंचे हैं। इस 500 किलोमीटर लंबी यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है।

हनुमान चालीसा के साथ यात्रा शुभारंभ…
रथ यात्रा के प्रारंभ होने से पहले बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बालाजी महाराज के दरबार में पहुंचकर दर्शन और पूजन किया। इसके पश्चात सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया गया, जिसके बाद इस विशाल रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
सनातन एकता के इस महाअभियान में शामिल होने के लिए देश के कई प्रतिष्ठित संत और कथावाचक बागेश्वर धाम पहुंचे हैं। यात्रा और शुभारंभ समारोह में मुख्य रूप से- अयोध्या के प्रसिद्ध संत राजू दास महाराज, प्रख्यात कथावाचिका चित्रलेखा जी, संत इंद्रेश उपाध्याय सहित देश भर से आए कई अन्य संत-महात्मा और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
5 जिलों का सफर और 500 किमी की यात्रा…
बागेश्वर सरकार धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के नेतृत्व में यह रथ यात्रा बुंदेलखंड के 5 प्रमुख जिलों से होकर गुजरेगी। इस दौरान यह यात्रा कुल 500 किलोमीटर का सफर तय करेगी। यात्रा के मार्ग में आने वाले विभिन्न शहरों और गांवों में जगह-जगह भव्य स्वागत की तैयारियां की गई हैं, और समापन पर एक विशाल हवन का आयोजन किया जाएगा।



