मध्यप्रदेश

इंदौर पुलिस ने शहर के बदमाशों को थाने तलब कर दी सख्त चेतावनी।

मध्यप्रदेश/इंदौर : असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाने के लिए इंदौर पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। एरोड्रम थाना पुलिस ने पूर्व में वाहनों में तोड़फोड़ करने वाले बदमाशों को थाने पर तलब कर उनकी क्लास लगाई। थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव ने आरोपियों को साफ चेतावनी दी कि भविष्य में गुंडागर्दी की, क्षेत्र में दहशत फैलाने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की, तो उनके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

थाने पर बुलाकर भरवाए डोजियर, दर्ज की पूरी जानकारी

28 अक्टूबर 2026 को एरोड्रम थाना पुलिस ने क्षेत्र में पहले वाहनों में तोड़फोड़ करने वाले आरोपियों को थाने पर बुलाया। पुलिस ने सभी से डोजियर फॉर्म भरवाए, जिनमें उनके वर्तमान निवास स्थान, व्यवसाय, जीवनशैली और मौजूदा गतिविधियों से जुड़ी जानकारी दर्ज की गई।पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य सूचीबद्ध अपराधियों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखना तथा क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना है।

थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव ने आरोपियों को व्यक्तिगत रूप से चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में किसी भी तरह की गुंडागर्दी, वाहनों में तोड़फोड़, क्षेत्र में दहशत फैलाने या कानून व्यवस्था को हाथ में लेने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसी गतिविधियों में दोबारा शामिल पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने थाने पर अपने परिजनों के सामने भविष्य में अपराधों की पुनरावृत्ति नहीं करने की शपथ भी ली।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई…

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त संतोष सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मयंक अवस्थी और पुलिस उपायुक्त जोन-1 नरेंद्र सिंह रावत के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-1 सुमित केरकेट्टा और सहायक पुलिस आयुक्त मल्हारगंज अशोक सिंह जादौन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव के नेतृत्व में एरोड्रम पुलिस ने यह कदम उठाया।

पुलिस का संदेश— कानून व्यवस्था बिगाड़ी तो होगी कार्रवाई

एरोड्रम पुलिस की इस कार्रवाई के जरिए असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि क्षेत्र में दहशत फैलाने और सार्वजनिक संपत्ति या वाहनों को नुकसान पहुंचाने जैसी गतिविधियों पर पुलिस की नजर है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button