सूरजपुर : यात्री बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई…हादसे में एक दर्जन यात्री घायल

छत्तीसगढ़/सूरजपुर : यात्री बस का फटा टायर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, हादसे में एक दर्जन यात्री घायल, चार यात्रियों की हालत गंभीर.
बिहार के सासाराम से छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जा रही एक यात्री बस देर रात सूरजपुर जिले में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए, जबकि चार यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पेड़ से टकराने के बाद मची चीख-पुकार…
मिली जानकारी के अनुसार, यात्री बस प्रतापपुर के शिवपुर मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक बस का टायर फट गया, जिससे चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि, बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में दर्जनभर यात्री घायल…
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। चार गंभीर रूप से घायल यात्रियों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज प्रतापपुर अस्पताल में जारी है। घटना की सूचना मिलते ही प्रतापपुर पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है। फिलहाल, बस का टायर फटना ही हादसे की प्रमुख वजह बताई जा रही है।



