छत्तीसगढ़

मुंबई की सोनाली 12 किलो गांजे के साथ सरोना रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार…

छत्तीसगढ़/रायपुर : गांजा तस्करी के मामले में कमिश्नरेट पुलिस ने मुंबई की एक महिला को गिरफ्तार किया है। महिला के पास से 12 किलो गांजा बरामद हुआ है, जिसकी कीमत करीब 6 लाख रुपए बताई गई है।

पुलिस ने यह कार्रवाई सरोना रेलवे प्लेटफॉर्म के पास की, जहां महिला गांजा लेकर कहीं जाने की तैयारी में थी। गिरफ्तार महिला की पहचान सोनाली मोटे (42) के रूप में हुई है। वह महाराष्ट्र के मुंबई की रहने वाली है।

पुलिस के मुताबिक, बीते सोमवार 23 नवंबर को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि डी.डी. नगर थाना क्षेत्र के सरोना रेलवे प्लेटफॉर्म के पास एक महिला गांजा लेकर मौजूद है। वह वहां से कहीं जाने की फिराक में है। सूचना मिलने के बाद पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया की निगरानी में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डी.डी. नगर पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई।

टीम ने मौके पर पहुंचकर मुखबिर से मिले हुलिए के आधार पर महिला की पहचान की और उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सोनाली मोटे और मुंबई की निवासी होना बताया। इसके बाद पुलिस ने उसके पास मौजूद बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान अलग-अलग बैग में गांजा रखा मिला। पुलिस ने कुल 12 किलो गांजा जब्त किया, जिसकी बाजार कीमत करीब 6 लाख रुपए आंकी गई है।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज… 

पुलिस ने सोनाली मोटे के खिलाफ डी.डी. नगर थाने में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है।

पुलिस अब महिला से पूछताछ कर गांजे की सप्लाई और उससे जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। जांच में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button