छत्तीसगढ़

‘वंदे मातरम शिविर’ में छत्तीसगढ़ भ्रमण पर आए 6 राज्यों के युवाओं से मिले उप मुख्यमंत्री, दिया सफलता का मंत्र

रायपुर : देश की विविधता हमारी सबसे बड़ी ताकत – श्री अरुण साव

‘वंदे मातरम शिविर’ में छत्तीसगढ़ भ्रमण पर आए 6 राज्यों के युवाओं से मिले उप मुख्यमंत्री, दिया सफलता का मंत्र

सप्ताह भर के प्रवास में छत्तीसगढ़ की संस्कृति, कला, खानपान, इतिहास, पुरातात्विक वैभव और विकास से हुए रू-ब-रू, उप मुख्यमंत्री से साझा किए अपने अनुभव

रायपुर. 23 नवम्बर 2026.उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव से छत्तीसगढ़ के भ्रमण पर आए 6 राज्यों के युवाओं ने मुलाकात की। भारत सरकार के ‘वंदे मातरम शिविर’ के तहत त्रिपुरा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से कुल 150 युवा छत्तीसगढ़ आए हुए हैं। सप्ताह भर के भ्रमण के दौरान ये युवा छत्तीसगढ़ की संस्कृति, कला, खानपान, इतिहास, पुरातात्विक वैभव और विकास से रू-ब-रू हुए। उन्होंने एक-दूसरे के राज्यों की संस्कृति खानपान और रहन-सहन के बारे में भी जाना। प्रवास के अंतिम दिन उन्होंने उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव से मुलाकात कर अपने अनुभव साझा किए।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने अपने नवा रायपुर स्थित निवास कार्यालय में अलग-अलग राज्यों से आए युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण और उसके नेतृत्व की जिम्मेदारी आज की युवा पीढ़ी के कंधों पर होगी। देश के युवाओं में वह योग्यता, क्षमता और आत्मविश्वास है, जिससे भारत को दुनिया में अग्रणी बनाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे देश की संस्कृति, सभ्यता और गौरव के प्रति सम्मान का भाव रखते हुए विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं। 

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सात दिनों के इस ‘वंदे मातरम शिविर’ से आप केवल अनुभव लेकर नहीं, बल्कि जीवनभर काम आने वाली अनमोल पूंजी लेकर लौट रहे हैं। यहां मिले अनुभव कठिन परिस्थितियों का सामना करने की ताकत और आत्मविश्वास देंगे। उन्होंने युवाओं से कहा कि सात दिनों में आपने 200 दोस्त ही नहीं बनाए, बल्कि देशभर में 200 नए परिवारों से रिश्ते जोड़े हैं। यही आत्मीयता, स्नेह और आपसी जुड़ाव भारत की वास्तविक ताकत है।

श्री साव ने कहा कि भारत की विशेषता उसकी विविधता में एकता है। देश में हर 20-25 किलोमीटर पर भाषा, खानपान और वेशभूषा बदल जाती है, लेकिन इन विविधताओं के बावजूद हम सब एक हैं। भाषा और भूगोल कभी हमारी एकता की सीमा नहीं रहे। उन्होंने कहा कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार करना ही ‘वंदे मातरम शिविर’ का मूल उद्देश्य है। युवाओं के बीच आपसी जुड़ाव और देश के प्रति समर्पण का भाव जितना मजबूत होगा, भारत उतना ही सशक्त बनेगा।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस संकल्प को पूरा करने की सबसे बड़ी शक्ति आज का युवा है। यदि युवा एकजुट होकर देश का गौरव बढ़ाने के लिए कार्य करें, तो भारत को विश्व गुरु बनने से कोई ताकत नहीं रोक सकती। उन्होंने नई शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं को आधुनिक शिक्षा के साथ अपने देश की संस्कृति, सभ्यता, संस्कार, अध्यात्म और परंपराओं का ज्ञान होना भी आवश्यक है। नई शिक्षा नीति में इन विषयों के समावेश से युवाओं में अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान बढ़ेगा। देश की समृद्ध विरासत और आधुनिक पीढ़ी की प्रतिभा मिलकर भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है।
युवाओं को सफलता का मंत्र देते हुए श्री साव ने कहा कि जीवन में चुनौतियां हर कदम पर आती हैं। सफलता उसी को मिलती है, जिसमें आत्मविश्वास, धैर्य और विपरीत परिस्थितियों से मुकाबला करने का साहस हो। निराशा और कठिनाइयों से घबराने के बजाय संघर्ष करके आगे बढ़ने वाला व्यक्ति ही जीवन में सफल होता है। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे शिविर से मिली ऊर्जा, उत्साह और वंदे मातरम की भावना को जीवनभर बनाए रखें। मेरा युवा भारत (MY Bharat) के राज्य समन्वयक श्री अर्पित तिवारी भी इस दौरान मौजूद थे।

*आदिवासी संग्रहालय, शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय, पुरखौती मुक्तांकन, विधान सभा और सिरपुर का किया भ्रमण*

मेरा युवा भारत, रायपुर द्वारा 17 नवम्बर से 23 नवम्बर तक आयोजित सात दिवसीय “वंदे मातरम् शिविर” में त्रिपुरा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुल 150 युवाओं ने भागीदारी की। शिविर का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक एकता, सामाजिक सेवा-भाव और आधुनिक जीवन-कौशल को एक साथ विकसित करने के साथ ही डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा और उद्यमिता जैसे समसामयिक विषयों पर जागरूक करना था। “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना के अनुरूप शिविर में विभिन्न राज्यों की संस्कृति, खान-पान और परंपराओं को भी मंच दिया गया।

सप्ताह भर के छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान छह राज्यों के युवाओं ने राज्यपाल श्री रमेन डेका से मुलाकात के साथ ही सिरपुर, नवा रायपुर स्थित आदिवासी संग्रहालय, शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय, पुरखौती मुक्तांकन और विधान सभा का भ्रमण कर छत्तीसगढ़ की संस्कृति, कला, खानपान, इतिहास, पुरातात्विक वैभव और विकास से रू-ब-रू हुए। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से एक-दूसरे की संस्कृति को भी जाना-समझा। युवाओं ने रायपुर में “सियान गुड़ी” (वृद्धाश्रम एवं बालिका गृह) का भ्रमण कर बुजुर्गों और बालिकाओं के साथ समय बिताया। डिजिटल साक्षरता एवं साइबर अपराध और उद्यमिता पर संवादात्मक सत्रों के जरिए उन्हें जागरूक भी किया गया।

छत्तीसगढ़ भ्रमण पर आए युवाओं ने राज्य में जेठौनी तिहार (तुलसी विवाह) की झलकियों के साथ ही रंगोली प्रतियोगिता, विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और खाद्य महोत्सव में विभिन्न राज्यों के व्यंजनों के साथ देश की विविध संस्कृतियों और पहलुओं के बारे में जाना-समझा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button