अंबिकापुर : कुत्तों के काटने से 15 हिरणों की मौत…प्रबंधन ने चुपचाप जलाए शव…

छत्तीसगढ़/अंबिकापुर : संजय वन वाटिका में कुत्तों के काटने से 15 हिरणों की मौत की खबर से मचा हडकंप, डीएफओ अभिषेक जोगावत ने घटना की पुष्टि करते हुए जांच के लिए टीम गठित कर दो दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले संजय वन वाटिका में 4-5 कुत्तों ने बाड़े में घुसकर हिरणों पर हमला किया था, जिसमें 15 हिरणों की मौत हो गई. वाटिका प्रबंधन ने घटना को दबाने के लिए पीछे जंगल में चुपचाप 14 हिरणों के शव को भी जला दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर डीएफओ अभिषेक जोगावत मौके पर पहुंचे. बाड़े में एक हिरण का शव पाया गया, वहीं जंगल के पीछे हिरण को जलाने के सबूत सामने आए हैं।
डीएफओ जोगावत ने इस घटना के लिए वाटिका प्रबंधन के साथ-साथ वन विभाग की भी लापरवाही को जिम्मेदार बताया. उन्होंने घटना की जांच के लिए एसडीओ के नेतृत्व में जांच टीम का गठन करते हुए दो दिन के भीतर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।



