Raipur : 16 वर्षीय नाबालिग लड़की का अपहरण, अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज…

छत्तीसगढ़/रायपुर : गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में रविवार को 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के अपहरण का गंभीर मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित पिता ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उनकी नाबालिग पुत्री को किसी अज्ञात व्यक्ति ने बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। घटना रविवार को होने के बाद से परिजन बेहद चिंतित हैं और लगातार पुलिस से बच्ची को जल्द से जल्द बरामद करने की मांग कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संभावित संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना ने कानून-व्यवस्था और बाल सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। परिजन और नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से अपील की है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर नाबालिग को सुरक्षित वापस लाया जाए, ताकि इलाके में लोगों का भरोसा कायम रह सके।



