ऑपरेशन तलाश को मिली बड़ी सफलता…4 हजार लापता लोगों को ढूंढ लाई छत्तीसगढ़ पुलिस…गुमशुदा लोगो को अपने परिवार से मिलाया

छत्तीसगढ़/रायपुर : छत्तीसगढ़ पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम के निर्देशन में छत्तीसगढ़ पुलिस ने लापता इंसानों की पतासाजी के लिए एक अप्रैल से 30 अप्रैल तक “ऑपरेशन तलाश” अभियान चलाया। इस अभियान के माध्यम से कुल 4056 गुमशुदा लोगों को खोज निकाला गया है, जिसमें 545 गुमशुदा बच्चे और 3511 महिला एवं पुरुष शामिल हैं।
राज्य पुलिस समय-समय पर गुमइंसानों की पतासाजी के लिए विशेष अभियान चलाई जाती है। इसी कड़ी में “ऑपरेशन तलाश” का संचालन किया गया। इस संबंध में पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी जिलों में पुलिस अधीक्षकों और नामांकित नोडल अधिकारियों ने अभियान को गंभीरता से लेते हुए इसे प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया। अभियान के दौरान विशेष गठित पुलिस टीमों ने हर संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया, जिसके परिणामस्वरूप एक माह के भीतर ही 75 बालक, 470 बालिका, 972 पुरुष एवं 2539 महिलाओं सहित 4056 गुमशुदा व्यक्तियों का पता लगाया गया।
रायपुर पुलिस ने 426 सर्वाधिक गुम इंसान…
इस अभियान की एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि यह रही कि 182 गुमशुदा व्यक्तियों जिसमें बालक- 03, बालिका 63, पुरुष 13 एवं महिला 103 को दीगर राज्यों जैसे महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश, तेलंगाना, बिहार, मध्यप्रदेश, गुजरात, राजस्थान, झारखंड, तमिलनाडु और हिमाचल प्रदेश से खोजकर वापस लाया गया। अभियान के दौरान दुर्ग पुलिस ने 683, बिलासपुर पुलिस ने 648 एवं रायपुर पुलिस ने 426 सर्वाधिक गुम इंसान की पतासाजी कर इस अभियान की सफलता में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
पुलिस ने सभी बरामद बच्चों, महिलाओं एवं पुरुषों को विधिवत उनके परिजनों से मिलाया, जिससे लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है। यह सफलता छत्तीसगढ़ पुलिस की संवेदनशीलता, प्रतिबद्धता और जवाबदेही का सशक्त उदाहरण है।



