छत्तीसगढ़

ब्रह्माकुमारीज द्वारा नवा रायपुर सेक्टर-20 में आयोजित समर कैम्प…खेल-खेल में बच्चों को मिल रही आध्यात्मिक और नैतिक मूल्यों की शिक्षा…

– ब्रह्माकुमारीज द्वारा नवा रायपुर सेक्टर-20 में आयोजित समर कैम्प –

– खेल-खेल में बच्चों को मिल रही आध्यात्मिक और नैतिक मूल्यों की शिक्षा…

– स्कूलों में सिर्फ किताबी शिक्षा मिल रही है…ब्रह्माकुमारी सविता दीदी

– समर कैम्प के माध्यम से देश का भविष्य संवर रहा है…हरीलाल, महानिरीक्षक बीएसएफ

– जीवन का लक्ष्य अभी से निर्धारित कर लें…मेजर प्रवीण सिंह

नवा रायपुर 4 मई 2026: प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा नवा रायपुर के सेक्टर-20 स्थित एकेडमी फॉर ए पीसफुल वर्ल्ड-शान्ति शिखर में आयोजित समर कैम्प का शुभारम्भ सीमा सुरक्षा बल के महानिरीक्षक हरीलाल, आर्मी स्कूल कार्डिनल वारियर्स के डायरेक्टर मेजर प्रवीण सिंह, रायपुर संचालिका ब्रह्माकुमारी सविता दीदी और ब्रह्माकुमारी रश्मि दीदी ने दीप प्रज्वलित करके किया।

बच्चों को सम्बोधित करते हुए रायपुर संचालिका ब्रह्माकुमारी सविता दीदी ने कहा कि आजकल स्कूलों में सिर्फ किताबी ज्ञान ही दिया जाता है। परिणामस्वरूप वर्तमान शिक्षा सिर्फ रोजगार प्रदान करने तक सीमित हो गई है। आध्यात्मिक ज्ञान के अभाव में बच्चे परिस्थितियों का सामना नहीं कर पाते और जीवघात (सुसाईड) जैसे कदम उठा लेते हैं। हम ब्रह्माकुमारी संस्थान में बच्चों को समर कैम्प के माध्यम से नैतिक और आध्यात्मिक मूल्यों की शिक्षा देते हैं जो कि जीवन की हर परिस्थिति में आपके बहुत काम आने वाली है।

उन्होंने बच्चों से कहा कि जीवन में तरक्की करना है तो कभी गुस्सा मत करना। अपने से बड़ों का सम्मान करना। कटु वचन नहीं बोलना और सबका सहयोगी बनकर रहना। जीवन में कभी-कभी असफलता भी मिलती है किन्तु उससे हार नहीं मानना है। हर असफलता हमें अनुभवी बनाने के लिए होती है।

सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के महानिरीक्षक हरीलाल ने जीवन में अनेक चुनौतियाँ आएंगी। जिनका सामना आपको करना पड़ेगा। उस समय यहाँ मिलने वाली शिक्षा के साथ ही अनुशासन और धैर्य आपको बहुत मदद करेगी। ब्रह्माकुमारी बहनों के तपस्वी जीवन और समर कैम्प की सराहना करते हुए कहा कि यहाँ के शान्त और पवित्र वातावरण में आप बच्चों को जो कुछ भी सिखाया जाएगा उसे बड़े ही ध्यानपूर्वक और लगन से न सिर्फ सुनना बल्कि जीवन में धारण भी करना।

आर्मी स्कूल कार्डिनल वारियर्स के डायरेक्टर मेजर प्रवीण सिंह ने आप बच्चे जो भी बनना चाहते हैं उसका लक्ष्य अभी से निर्धारित कर लेना। उन्होंने समर कैम्पके फायदे गिनाते हुए कहा कि बच्चों को इस समर कैम्प से अनुशासन के साथ-साथ मनोरंजन और मेडिटेशन सीखने का भी लाभ मिलने वाला है। आप बच्चे बहुत अधिक भाग्यशाली हैं कि आपको इतनी श्रेष्ठ संस्थान द्वारा आयोजित समर कैम्प में शामिल होने का अवसर मिला है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button