आशुतोष तिवारी का प्रचार करते हुए नरोत्तम मिश्रा मंच पर ही भावुक हो गए

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आशुतोष तिवारी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। वही सोमवार को एक चुनावी सभा के दौरान नरोत्तम मिश्रा का एक अलग ही रूप देखने को मिला। आशुतोष तिवारी के लिए प्रचार करते हुए नरोत्तम मिश्रा मंच पर ही भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।
नरोत्तम मिश्रा बोले- घर-घर जाकर मांगूंगा वोट…
नरोत्तम मिश्रा ने अपने समर्थकों और दतिया की जनता के प्रति अपना समर्पण दिखाते हुए कहा, “मैं दतिया के हर एक व्यक्ति के सामने सिर झुकाऊंगा। मैं हर गांव और हर घर में दस्तक दूंगा, ताकि आशुतोष तिवारी की जीत सुनिश्चित हो सके।” उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि ‘आशुतोष भैया’ की जीत के लिए पार्टी का हर सिपाही अपना सब कुछ झोंक देगा।
दतिया में कब है उपचुनाव…
दतिया विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान होना है और 3 अगस्त को परिणाम घोषित किए जाएंगे। 2008 से 2018 तक यह सीट नरोत्तम मिश्रा का अभेद्य किला मानी जाती थी, लेकिन 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्हें कांग्रेस के राजेंद्र भारती से हार का सामना करना पड़ा था। इस बार उपचुनाव में बीजेपी ने आशुतोष तिवारी को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने पूर्व विधायक घनश्याम सिंह पर दांव लगाया है।
क्यों हो रहा है उपचुनाव…
2023 के चुनाव में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने नरोत्तम मिश्रा को 7,742 वोटों के अंतर से हराया था। हालांकि, अप्रैल 2026 में एक पुराने धोखाधड़ी मामले में सजा होने के बाद राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता रद्द कर दी गई, जिसके चलते अब दतिया में उपचुनाव की स्थिति बनी है। अब देखना यह होगा कि क्या नरोत्तम मिश्रा की यह भावुक अपील और उनका सक्रिय प्रचार बीजेपी को इस सीट पर वापस जीत दिला पाएगा या नहीं।



