करैत सांप के डसने से 9 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत…गांव में शोक की लहर

छत्तीसगढ़/कोटा। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के ग्राम पंचायत पचरा के खसरिया पारा में जहरीले करैत सांप के डसने से 9 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है, वहीं परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। रात को हंसते-खेलते रसोई बच्ची की सुबह मौत की खबर ने सभी को झकझोर कर रख दिया। मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, 9 वर्षीय शालनी अघरिया, जो गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में तीसरी कक्षा की छात्रा थी, सोमवार की रात अपने परिवार के साथ घर में चौन की नींद सो रही थी। इसी दौरान रात करीब 2.30 बजे एक जहरीला करैत सांप घर के अंदर घुस आया। सोते वक्त सांप ने बच्ची के हाथ की उंगली पर डस लिया। कुछ देर बाद जब परिजनों की नजर अचानक सांप पर पड़ी, तो घर में अफरा-तफरी मच गई और मातम पसर गया।
सिम्स अस्पताल में इलाज के दौरान तीसरी कक्षा की छात्रा की मौत…
बच्ची के हाथ में सांप के काटने का निशान देखकर परिजन उसे तत्काल रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया। सिम्स में डॉक्टरों ने बच्ची को बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन मंगलवार सुबह करीब 6.30 बजे उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल…
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। गांव में भी इस घटना के बाद मातम का माहौल है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विशेषज्ञों ने दी अस्पताल जल्द पहुंचने की सलाह
बरसात के मौसम में करैत जैसे अत्यंत विषैले सांप अक्सर घरों में घुस आते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि, ऐसे मामलों में समय पर अस्पताल पहुंचना बेहद जरूरी होता है, साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को सांपों से बचाव और प्राथमिक सावधानियों के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता है। यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर बरसात के मौसम में सतर्क रहने की अहम सीख दे गया।



