छत्तीसगढ़

ब्रह्माकुमारीज़ भिलाई में रक्तदान महाभियान रविवार, 23 अगस्त को, वसुदेव कुटुंबकम् की भावना से रक्तदान करने का आह्वान..

ब्रह्माकुमारीज़ भिलाई में रक्तदान महाभियान 23 को, वसुदेव कुटुंबकम् की भावना से रक्तदान करने का आह्वान..

-21 से 25 अगस्त तक ब्रह्माकुमारी संस्था देश भर में चलाएगी रक्तदान महाअभियान

– पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी प्रकाशमणि के 19 वें पुण्य तिथि पर देशभर में रक्तदान अभियान…

– पांच दिवसीय अभियान में एक लाख से अधिक यूनिट रक्त एकत्रित करने का लक्ष्य…

भिलाई, छत्तीसगढ़ 21 अगस्त 2026:- प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के समाजसेवा प्रभाग द्वारा देशभर में 21 से 25 अगस्त तक पांच दिवसीय विशाल रक्तदान महाअभियान चलाया जाएगा। पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि के 19 वें पुण्य स्मृति दिवस (25 अगस्त, विश्व बंधुत्व दिवस) के उपलक्ष्य में आयोजित इस महाअभियान में भारत सहित नेपाल में एक लाख यूनिट रक्त एकत्रित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत संस्थान के देश भर में स्थित छह हजार से अधिक सेवाकेंद्रों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।

इसी कड़ी में रविवार, 23 अगस्त को मुख्य सेवा केंद्र राजयोग भवन, सड़क नंबर-2, सेक्टर-7, भिलाई में रक्तदान प्रातः 8:30 बजे से प्रारंभ होगा।

ब्रह्माकुमारीज संस्था से प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी ब्रह्मा वत्स शुद्ध सात्विक आहार लेते हैं तथा व्यसनमुक्त जीवन जीते हैं। इस प्रकार, ब्रह्माकुमारीज द्वारा प्रदत्त रक्त समाज में शुद्धता, सात्विकता एवं स्वास्थ्य का संदेश भी प्रसारित करेगा।

भिलाई सेवाकेंद्रों की निदेशिका ब्रह्माकुमारी आशा दीदी जी ने सभी भिलाई वासियों को वसुदेव कुटुंबकम् की भावना से रक्तदान करने का आह्वान किया है।

आयोजन का उद्देश्य रक्तदान के माध्यम से मानव सेवा के साथ-साथ लोगों में सकारात्मक एवं आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करना है।

अभियान का संदेश है—“रक्तदान केवल जीवन बचाना ही नहीं, बल्कि जीवन को आशीर्वाद देना है।”

इस विशेष अवसर पर रक्तदान से पूर्व प्रतिभागियों को 5 मिनट का आध्यात्मिक चिंतन एवं मेडिटेशन कराया जाएगा। ज्ञान-पान के माध्यम से परमात्म स्मृति एवं सकारात्मक विचारों का अनुभव कराया जाएगा और इसके पश्चात स्वस्थ एवं सकारात्मक ऊर्जा के साथ रक्तदान किया जाएगा।

रक्तदान करने के लिए उत्सुक लोग गूगल फॉर्म, क्यू आर कोड या अपने निकटस्थ सेवाकेन्द्र से सम्पर्क कर इसमें शामिल हो सकते हैं।

रक्तदान की आवश्यकता

आज भी देश में प्रतिदिन हजारों मरीज समय पर रक्त उपलब्ध न होने के कारण कठिन परिस्थितियों का सामना करते हैं। दुर्घटनाओं, प्रसूति, थैलेसीमिया, कैंसर, बड़ी शल्य चिकित्सा तथा अनेक गंभीर बीमारियों के उपचार में रक्त की निरंतर आवश्यकता होती है। ऐसे समय में स्वैच्छिक रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानव जीवन की रक्षा का सर्वोच्च मानवीय कर्तव्य बन जाता है।

ब्रह्माकुमारीज़ का यह अभियान जाति, धर्म, भाषा, क्षेत्र और विचारधारा से ऊपर उठकर सम्पूर्ण मानव समाज को एक विश्व परिवार मानने के आध्यात्मिक दृष्टिकोण पर आधारित है।
 
ज्ञात हो कि समाजसेवा प्रभाग द्वारा विगत वर्ष 2025 में भी भारत व नेपाल में रक्तदान अभियान चलाकर रिकॉर्ड 88378 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button