छत्तीसगढ़

DGP अरुण देव गौतम पहुंचे खैरागढ़…SP ऑफिस और पुलिस लाइन का किया निरीक्षण, साइबर अपराधों की प्रभावी रोकथाम को लेकर…

छत्तीसगढ़/खैरागढ़ : छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक (DGP) अरुण देव गौतम एक दिवसीय प्रवास पर खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं, जिला साइबर लैब और निर्माणाधीन नवीन जिला पुलिस लाइन का निरीक्षण किया।

उन्होंने पुलिसिंग व्यवस्था की समीक्षा करते हुए लंबित अपराधों के त्वरित निराकरण, साइबर अपराधों की जांच में आधुनिक तकनीक के उपयोग और आम नागरिकों की शिकायतों पर संवेदनशीलता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। दौरे के दौरान पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव और पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा भी मौजूद रहे।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण… 

पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने अपने प्रवास के दौरान सबसे पहले पुलिस अधीक्षक कार्यालय, खैरागढ़ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डीएसबी शाखा, वेतन शाखा, फंड शाखा, स्थापना शाखा, ओएम शाखा और एसआरसी शाखा की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। साथ ही कार्यालय में अभिलेखों के संधारण और विभिन्न प्रशासनिक कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता, दक्षता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

DGP ने जिला साइबर लैब का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां उपलब्ध तकनीकी संसाधनों, साइबर अपराधों की विवेचना और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने साइबर अपराधों की प्रभावी रोकथाम और उनकी विवेचना में आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग करने पर जोर दिया। साथ ही डिजिटल साक्ष्यों के बेहतर विश्लेषण और तकनीकी संसाधनों के प्रभावी इस्तेमाल के निर्देश दिए।

ऑनलाइन पोर्टल और डिजिटल पुलिसिंग की समीक्षा… 

पुलिस महानिदेशक ने जिले के पुलिस थानों में संचालित विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों और डिजिटल पुलिसिंग प्रणालियों की कार्यप्रणाली का भी जायजा लिया। इस दौरान पोर्टलों पर दर्ज सूचनाओं, मामलों के अद्यतनीकरण और डिजिटल अभिलेखों के संधारण की समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन प्रणालियों का प्रभावी ढंग से संचालन सुनिश्चित करने और डिजिटल पुलिसिंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

लंबित अपराधों और शिकायतों के निराकरण पर जोर… 

दौरे के दौरान जिले के राजपत्रित पुलिस अधिकारियों, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस और उप पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा की गई। DGP ने लंबित अपराधों, शिकायतों के निराकरण, विवेचना की प्रगति और जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने लंबित प्रकरणों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विवेचना में तकनीकी साक्ष्यों का प्रभावी उपयोग करने और आम नागरिकों की शिकायतों पर संवेदनशीलता एवं तत्परता से कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया।

नवीन जिला पुलिस लाइन के निर्माण कार्यों का लिया जायजा… 

पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने निर्माणाधीन नवीन जिला पुलिस लाइन, खैरागढ़ का भी दौरा किया। यहां उन्होंने परिसर में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया और भवनों, आधारभूत संरचनाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, निर्धारित मानकों के पालन और तय समयसीमा में कार्य पूरा करने पर जोर दिया। इसके अलावा पुलिस बल की भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए परिसर में विकसित की जा रही सुविधाओं की भी समीक्षा की। इस अवसर पर DGP ने नवीन जिला पुलिस लाइन परिसर में वृक्षारोपण भी किया।

इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में हुए शामिल… 

पुलिस कार्यालय और नवीन जिला पुलिस लाइन के निरीक्षण के बाद पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने खैरागढ़ स्थित इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भी सहभागिता की। इस एक दिवसीय दौरे के दौरान पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली, साइबर अपराधों की जांच, लंबित मामलों के निराकरण और पुलिस अधोसंरचना के विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button