शारदीय नवरात्र की आज से शुरुआत…पहले दिन रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ रही।

छत्तीसगढ़/कोटा : शक्ति की आराधना और आस्था के महापर्व शारदीय नवरात्र की शुरुआत के साथ ही छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल रतनपुर में भक्तिमय माहौल छा गया है। नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। मां के दर्शन और पूजा-पाठ के लिए दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर में जय माता दी के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया है।
नवरात्र के पहले दिन मां महामाया मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। भक्त कतारबद्ध होकर मां के दर्शन कर रहे हैं और सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। मां महामाया मंदिर के साथ ही भैरव बाबा सहित आसपास के अन्य देवी-देवालयों में भी सुबह से पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी है। पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है।
नवरात्र पर्व के अवसर पर रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर में करीब 30 हजार मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित किए जाएंगे। ज्योति कलश प्रज्वलन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। भक्त अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति और परिवार की सुख-शांति के लिए मां के दरबार में श्रद्धा के दीप प्रज्वलित कर रहे हैं। नवरात्र के आगामी दिनों में भी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, पुलिस-प्रशासन अलर्ट…
नवरात्र मेले में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। मंदिर परिसर और आसपास के प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। भीड़ को नियंत्रित करने, श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।
शक्ति की उपासना के इस पावन पर्व पर रतनपुर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। मां महामाया के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु पूरे भक्तिभाव से पूजा-अर्चना कर रहे हैं।



