आनंद सरोवर में धूमधाम से मनाया गया दीपोत्सव महोत्सव

– इस बार अपने व्यक्तित्व को नया रूप देने का संकल्प करें: राजयोगिनी बीके जयंती दीदी
– आनंद सरोवर में धूमधाम से मनाया गया दीपोत्सव महोत्सव
– संस्थान के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी रहे मौजूद
– रामलीला का किया गया मंचन
आबूरोड। ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के मुख्यालय में चल रहे 12 दिवसीय दीपोत्सव महोत्सव का आनंद सरोवर में कार्यक्रम के साथ समापन हो गया। 12 दिन चले दीपावली उत्सव को उमंग-उत्साह और धूमधाम से मनाया गया।
आनंद सरोवर में आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी बीके जयंती दीदी ने कहा कि दीपावली पर हम हर वर्ष घर को नया रूप देते हैं। इस बार दीपावली और नए वर्ष पर अपने व्यक्तित्व को नया रूप देने का संकल्प करें। पुराने क्रोध को क्षमा में, ईर्ष्या को शुभभावना में, अहंकार को विनम्रता में और व्यर्थ चिंतन को श्रेष्ठ संकल्पों में बदलने का प्रयास करें। अपने मन को इतना शक्तिशाली बनाएं कि परिस्थितियां हमारी शांति को प्रभावित न कर सकें। अपनी बुद्धि को इतना निर्मल बनाएं कि हर निर्णय में विवेक दिखाई दे। अपने व्यवहार को इतना मधुर बनाएं कि हमारे संपर्क में आने वाला प्रत्येक व्यक्ति प्रसन्नता और सम्मान का अनुभव करे।
महासचिव राजयोगी बीके करुणा भाई ने कहा कि मुझे केवल दीप जलाने वाला नहीं, बल्कि स्वयं ज्ञान की ज्योति बनकर संसार को प्रकाशित करने वाला बनना है। यही आत्मिक समृद्धि है, यही सच्ची लक्ष्मी है और यही परमात्मा शिव के ज्ञान से जीवन को दिव्य बनाने का वास्तविक उत्सव है।
गुणों को देखने का अभ्यास करना चाहिए-
अतिरिक्त महासचिव डॉ. राजयोगी बीके मृत्युंजय भाई ने कहा कि हर आत्मा का अपना स्वभाव और संस्कार होता है। किसी की कमजोरी देखकर तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय उसके गुणों को देखने का अभ्यास करना चाहिए। क्षमा करना, सम्मान देना, किसी की बात धैर्य से सुनना और बिना स्वार्थ सहयोग करना भी दीपावली के सुंदर उपहार हैं। वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका ऊषा दीदी ने कहा कि दीपावली हमें यह सोचने का अवसर देती है कि हम अपने जीवन में ऐसी कौन-सी संपदा जमा कर रहे हैं, जो कभी समाप्त न हो। परमात्म ज्ञान, पवित्र संस्कार, श्रेष्ठ कर्म, शुभभावनाएं और आत्मिक शक्तियां ऐसी पूंजी हैं, जो जीवन को वास्तविक अर्थों में समृद्ध बनाती हैं।
रामलीला का किया मंचन-
कार्यक्रम में शांतिवन के ब्रह्माकुमार भाईयों द्वारा सुंदर रामलीला का मंचन किया गया। इस दौरान श्रीराम-श्रीसीता के स्वयंवर, सीता हरण, लंका दहन और श्रीराम के वनवास से पुन: अयोध्या वापिसी आदि दृश्यों को कलाकारों ने अपने अभिनय से जीवंत कर दिया। इसके बाद जादूगर हैरी ने कला के माध्यम से जीवन में सद्गुणों को अपनाने का संदेश दिया। कलाकारों में बीके लोकपाल भाई, बीके भूषण भाई, बीके रामेश्वर भाई, बीके चंद्रमोहन भाई, बीके राधे भाई, बीके अतुल भाई, बीके चंदन भाई, बीके संतोष भाई, बीके भूषण भाई,बीके राकेश भाई शामिल रहे।
ये भी रहे मौजूद-
इस मौके बीके रुक्मिणी दीदी, वरिष्ठ राजयोग प्रशिक्षक सूरज भाई, बीके मोहिन सिंघल भाई, डॉ. बनारसीलाल भाई, शांतिवन के प्रबंधक बीके प्रकाश भाई, आवास निवास के प्रभारी बीके देव भाई, युवा प्रभाग के बीके आत्म प्रकाश भाई, मैसूर सबजोन की निदेशिका बीके लक्ष्मी दीदी, बीके सुधीर भाई सहित सभी वरिष्ठ भाई-बहनें मौजूद रहे। बालिकाओं ने सुंदर सांस्कृतिक प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्वागत भाषण बीके आनंद भाई ने दिया। संचालन बीके चंदा दीदी ने किया।


