नई दिल्ली : 45 वां भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की 16वीं शताब्दी की स्वर्ण अक्षरों वाली गीता और 1735 का ताम्रपत्र बना आकर्षण का केंद्र

भारत/नई दिल्ली : भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की सदियों पुरानी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है। छत्तीसगढ़ पवेलियन में प्रदर्शित 16वीं शताब्दी की स्वर्ण अक्षरों में लिखित श्रीमद्भगवद्गीता की दुर्लभ पांडुलिपि विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इसके साथ ही वर्ष 1735 का मराठाकालीन ताम्रपत्र और विभिन्न प्राचीन ग्रंथ भी प्रदर्शनी में रखे गए हैं।
16वीं शताब्दी की स्वर्ण अक्षरों वाली गीता बनी खास आकर्षण…
छत्तीसगढ़ पवेलियन में प्रदर्शित 16वीं शताब्दी की श्रीमद्भगवद्गीता की दुर्लभ पांडुलिपि लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। स्वर्ण अक्षरों में लिखी गई यह पांडुलिपि गोंडवाना की शासिका रानी दुर्गावती के समकालीन कालखंड से संबंधित है। यह प्रदेश की प्राचीन साहित्यिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के साथ उस समय की उत्कृष्ट लेखन कला की भी झलक प्रस्तुत करती है। इसके अलावा प्रदर्शनी में वर्ष 1735 का मराठाकालीन ताम्रपत्र भी रखा गया है, जो उस दौर की अभिलेखीय परंपरा और ऐतिहासिक घटनाओं के दस्तावेजीकरण की जानकारी देता है।
रामायण से लेकर आयुर्वेद तक की दुर्लभ पांडुलिपियां प्रदर्शित..
छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग के अंतर्गत पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय संचालनालय, रायपुर द्वारा यह विशेष प्रदर्शनी लगाई गई है। इसमें विभिन्न कालखंडों की दुर्लभ पांडुलिपियों और ताम्रपत्रों को प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में रामायण के बालकांड और किष्किंधा कांड से संबंधित पांडुलिपियों के साथ राधा विनोद महाकाव्य, ज्योतिष शास्त्र, आयुर्वेद तथा धार्मिक एवं साहित्यिक विषयों से जुड़े हस्तलिखित ग्रंथ शामिल हैं। ये प्राचीन दस्तावेज छत्तीसगढ़ की ज्ञान परंपरा और ऐतिहासिक समृद्धि को दर्शाते हैं।
ताड़पत्रों पर लिखे ग्रंथ भी बने आकर्षण…
प्रदर्शनी में ताड़पत्र पर लिखी गई प्राचीन पांडुलिपियां भी लोगों का ध्यान खींच रही हैं। दरअसल, प्राचीन समय में कागज के व्यापक प्रचलन से पहले ताड़पत्रों पर महत्वपूर्ण ग्रंथों और जानकारियों को लिखकर सुरक्षित रखा जाता था। वहीं ताम्रपत्रों का इस्तेमाल राजकीय आदेशों, महत्वपूर्ण अभिलेखों और ऐतिहासिक विवरणों को दर्ज करने के लिए किया जाता था। वर्ष 1735 का मराठाकालीन ताम्रपत्र इसी प्राचीन अभिलेखीय परंपरा का महत्वपूर्ण उदाहरण है।
नई पीढ़ी को अपनी ऐतिहासिक विरासत से परिचित करा रही प्रदर्शनी..
यह प्रदर्शनी छत्तीसगढ़ की उस समृद्ध विरासत को सामने ला रही है, जिसमें लोककला और जनजातीय संस्कृति के साथ साहित्य, धर्म, इतिहास और पारंपरिक ज्ञान का भी महत्वपूर्ण स्थान है। दुर्लभ पांडुलिपियों और ताम्रपत्रों का संग्रह नई पीढ़ी को अपनी ऐतिहासिक धरोहर से परिचित कराने के साथ इनके संरक्षण के महत्व को भी रेखांकित कर रहा है। भारत मंडपम के हॉल नंबर 4 के प्रथम तल पर 1000 वर्गमीटर क्षेत्र में छत्तीसगढ़ पवेलियन स्थापित किया गया है। यहां ऐतिहासिक धरोहरों के साथ प्रदेश की पारंपरिक कला, शिल्प, स्थानीय उत्पादों और विकास की संभावनाओं को भी प्रदर्शित किया जा रहा है। पवेलियन का स्टॉल नंबर 4F-03-A है।
जूरी सदस्यों ने किया छत्तीसगढ़ पवेलियन का भ्रमण..
भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के जूरी सदस्यों ने भी छत्तीसगढ़ पवेलियन का भ्रमण किया। इस दौरान प्रदेश के लोक कलाकारों ने पारंपरिक गेंड़ी नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति देकर उनका स्वागत किया। जूरी सदस्यों ने पवेलियन में प्रदर्शित छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति, पारंपरिक शिल्प, स्थानीय उत्पादों और ऐतिहासिक धरोहरों का अवलोकन किया। साथ ही विभिन्न स्टॉलों पर उपलब्ध उत्पादों और उनकी विशेषताओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
27 नवंबर तक चलेगा भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला..
भारत व्यापार संवर्धन संगठन (इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गनाइजेशन) द्वारा आयोजित 45वां भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 13 से 27 नवंबर 2026 तक चलेगा। इस आयोजन के जरिए छत्तीसगढ़ अपनी प्राचीन ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध सांस्कृतिक पहचान और आधुनिक विकास की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत कर रहा है।



