छत्तीसगढ़

गढ़फूलझार : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नानक सागर के विकास के लिए 1 करोड़ की घोषणा की।

छत्तीसगढ़/महासमुंद : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बसना अंतर्गत गढ़फूलझर में सिख समाज द्वारा आयोजित विशेष कीर्तन समागम में शामिल हुए।

उन्होंने गुरुनानक देव जी की पावन स्मृतियों से जुड़े इस ऐतिहासिक स्थल पर मत्था टेककर आशीर्वाद लिया तथा श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में शबद कीर्तन समागम में सहभागिता की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गढ़फूलझर आने वाले समय में एक पवित्र धाम के रूप में विकसित होने जा रहा है। यह छत्तीसगढ़ राज्य का सौभाग्य है कि गुरु नानक देव जी का पावन आगमन इस धरती पर हुआ था। उस समय यहां के राजा भैंना ने पांच एकड़ भूमि दान में दी थी। आज उस ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक विरासत को संरक्षित करते हुए इसका स्वर्णिम विकास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि गढ़फूलझर में सिख समाज, कोलता समाज, आदिवासी समाज सहित सर्व समाज के लिए एक ऐसा पवित्र धाम विकसित करने की दिशा में प्रयास हो रहा है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए आस्था, संस्कृति, सद्भाव और सामाजिक एकता का प्रेरणास्रोत बनेगा।

मुख्यमंत्री ने सिख समाज की प्रशंसा करते हुए कहा कि सिख समाज स्वाभिमानी, परोपकारी एवं परिश्रमी समाज है। गुरु नानक देव जी ने संपूर्ण मानव समाज को प्रेम, समानता, भाईचारे और समरसता का संदेश दिया। समाज द्वारा संचालित लंगर परंपरा इस संदेश का जीवंत उदाहरण है, जहां जाति, धर्म, ऊंच-नीच और छोटे-बड़े का कोई भेदभाव नहीं होता। सभी लोग एक साथ बैठकर भोजन करते हैं। यह परंपरा मानवता और समानता के मूल्यों को सशक्त करती है।

विकास कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये की राशि देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गढ़फूलझर और नानकसागर का विकास इसी भावना के अनुरूप किया जा रहा है। नानकसागर आज अपनी पहचान और प्रसिद्धि की ओर अग्रसर है। उन्होंने क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये की राशि देने की घोषणा की।

इसके साथ ही सर्वसुविधायुक्त अंबेडकर भवन एवं सार्वजनिक उद्यान निर्माण की भी घोषणा की, जिससे क्षेत्रवासियों को सामाजिक एवं सार्वजनिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button