छत्तीसगढ़

रायपुर : छत्तीसगढ़ पुलिस के 642 नए आरक्षकों ने माना में 76वें बैच की पासिंग आउट परेड में ली सेवा की शपथ

छत्तीसगढ़/रायपुर : रायपुर के माना स्थित पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय में आज 76वें सत्र के महिला एवं पुरुष नव आरक्षकों की पासिंग आउट परेड हुई। इसमें 434 पुरुष और 208 महिला आरक्षक शामिल हुए। बुनियादी प्रशिक्षण पूरा करने के बाद सभी जवानों ने पुलिस विभाग में जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ सेवा करने की शपथ ली।

पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर में पदस्थ पुलिस महानिरीक्षक (अजाक) बालाजी राव सोमावार समारोह के मुख्य अतिथि रहे। पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय माना के पुलिस अधीक्षक और संस्था प्रमुख माहेश्वर नाग भी इस दौरान मौजूद रहे। परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में प्रशिक्षित जवानों ने अलग-अलग प्लाटून के साथ मार्च पास्ट कर अपनी तैयारियों और अनुशासन का प्रदर्शन किया।

प्रशिक्षण के दौरान प्रदर्शन के आधार पर पुरुष और महिला वर्ग में ऑलराउंड बेस्ट प्रशिक्षार्थियों का चयन किया गया। पुरुष वर्ग में जशपुर जिले के नव आरक्षक प्रभु कुमार ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं, महिला वर्ग में मुंगेली की अंजली दूसरे स्थान पर रहीं। दोनों को उनके बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

इसके अलावा प्रशिक्षण के अलग-अलग विषयों, अनुशासन, कार्यकुशलता और अन्य गतिविधियों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले जवानों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में गुलशन कुमार, जितेश कुमार, मानसी, प्रेम कुमारी, ओमेश्वरी, मोनिका, गरिमा सिदार, प्रियंका यादव, परमजीत सिंह नेताम, शिव कुमार यादव, दीपक वर्मा, करन कुमार राकेश, राकेश भगत, श्याम सुंदर, यशवंत कुमार राठौर और अंजली शामिल हैं।

इनके अलावा नविता सोनी, गितिका वीरसूर्या, कोमल प्रसाद, नरोत्तम, शिवा, लोकेश कुमार, लोकेश, परमेश्वर सिंह, तुलेश कुमार यादव, जानकी साहू, गीतू सोरठे, शांति उरांव, सीमा तुर्किया, सरिता कुमारी, हेमसागर गुप्ता, भारती यादव, रीता और भगत कुमार पटेल को भी अलग-अलग श्रेणियों में बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

दीक्षांत परेड का नेतृत्व नव आरक्षक रानू राज ने किया। चितरंजन बघेल ने परेड कमांडर टूआईसी की जिम्मेदारी संभाली। परेड में शामिल 16 प्लाटूनों का नेतृत्व पुरुष और महिला नव आरक्षकों ने किया।

इनमें खिलेश्वर कुमार, पीयूष कुमार सेन, पुरण कुमार, राजा बाबू, विष्णु ठाकुर, गरिमा सिदार, सावित्री, गायत्री साहू, उन्नति केंवट, पूजा कश्यप, वीरेंद्र मीनपाल, वेदप्रकाश निषाद, संजय पैकरा, हरीलाल चौहान, रंजीत वर्मा और संदीप कुजूर शामिल रहे। सभी प्लाटूनों ने निर्धारित अनुशासन और तालमेल के साथ परेड की।

कानून से लेकर साइबर क्राइम तक की मिली ट्रेनिंग… 

इन 642 जवानों को बुनियादी प्रशिक्षण के दौरान पुलिस विभाग के कामकाज के साथ समाज के प्रति जवाबदेही और कानून व्यवस्था से जुड़े विषयों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में पुलिस और समाज, प्रशासन एवं संगठन, कानून, पुलिस प्रक्रिया, पुलिस विज्ञान और अपराध शास्त्र जैसे विषय शामिल रहे।

बदलते दौर की पुलिसिंग को ध्यान में रखते हुए जवानों को कंप्यूटर की बुनियादी जानकारी, साइबर क्राइम और अंग्रेजी भाषा का सामान्य ज्ञान भी दिया गया। इसके साथ ही नक्सल समस्या, राज्य की प्रतिक्रिया और छत्तीसगढ़ के शहीदों से जुड़े विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया गया।

मैदानी प्रशिक्षण के तहत फिजिकल ट्रेनिंग, योगाभ्यास, अनआर्म्ड कॉम्बैट, ऑब्स्टेकल ट्रेनिंग, जिम, रॉक क्लाइम्बिंग, राफ्टिंग और स्लेदरिंग जैसी गतिविधियां कराई गईं। जवानों को आधुनिक हथियारों के इस्तेमाल का प्रशिक्षण भी दिया गया।

प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे थे प्रशिक्षार्थी… 

इस बैच में प्रदेश के अलग-अलग जिलों और पुलिस इकाइयों से चयनित महिला एवं पुरुष आरक्षक शामिल थे। रायपुर, रायगढ़, राजनांदगांव, बिलासपुर, धमतरी, बालोद, बेमेतरा, बलरामपुर, बलौदाबाजार, कबीरधाम, कोरिया, कोरबा, खैरागढ़, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, जशपुर और गरियाबंद से जवानों ने प्रशिक्षण लिया।

इसके अलावा मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, मानपुर-मोहला-अंबागढ़ चौकी, मुंगेली, सक्ती, सरगुजा, सारंगढ़, सूरजपुर, दुर्ग और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिलों के नव आरक्षक भी इस बैच का हिस्सा रहे। पुलिस प्रशिक्षण केंद्र मैनपाट के जवान भी इसमें शामिल थे।

मुख्य अतिथि बालाजी राव सोमावार ने नव आरक्षकों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि प्रशिक्षण किसी व्यक्ति को तराशने की प्रक्रिया है। उन्होंने जवानों को प्रशिक्षण देने वाले इनडोर और आउटडोर अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रशिक्षकों की भूमिका की सराहना की।

समारोह के अंत में उप पुलिस अधीक्षक अर्चना चौधरी ने अतिथियों, अधिकारियों, पत्रकारों, गणमान्य नागरिकों और जवानों के परिजनों का आभार जताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button