मध्यप्रदेश

उज्जैन में 30 नवंबर को डॉ अभिमन्यु 22 जोड़ों के साथ लेंगे सात फेरे, डॉ इशिता बनेंगी उनकी दुल्हन…

मध्यप्रदेश/भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के घर खुशियां दस्तक दे रही हैं। उनके छोटे बेटे डॉ अभिमन्यु यादव का विवाह 30 नवंबर को खरगोन की डॉ इशिता के साथ होने जा रहा है। खास बात यह है कि यह शादी किसी आलीशान हॉल में नहीं, बल्कि सामूहिक विवाह समारोह में संपन्न होगी।

उज्जैन के सांवरा खेड़ी में आयोजित इस सामूहिक विवाह सम्मेलन में कुल 22 जोड़े एक साथ परिणय सूत्र में बंधेंगे। इनमें मुख्यमंत्री के छोटे बेटे डॉ अभिमन्यु यादव और उनकी होने वाली पत्नी डॉ इशिता भी शामिल होंगे। शादी समारोह की शुरुआत शुक्रवार को हो चुकी है। पहले दिन माता पूजन का कार्यक्रम रखा गया, जिसमें पूरा यादव परिवार शामिल हुआ। सीएम डॉ मोहन यादव की पत्नी, बड़े बेटे वैभव यादव, बेटी डॉ आकांक्षा यादव, बड़े भाई नारायण यादव, बहन कलावती यादव सहित परिवार के सभी सदस्यों ने डीजे पर जमकर ठुमके लगाए और खुशी का इजहार किया।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने पहले ही ऐलान किया था कि उनके बेटे की शादी सादगी के साथ सामूहिक विवाह सम्मेलन में होगी, ताकि समाज को संदेश जाए कि दिखावा नहीं, संस्कार महत्वपूर्ण हैं। 30 नवंबर को होने वाले मुख्य विवाह समारोह में प्रदेश के कई बड़े नेता और जनप्रतिनिधि भी शिरकत कर सकते हैं। सीएम हाउस में चल रही इन तैयारियों और खुशी के माहौल ने पूरे मध्यप्रदेश का ध्यान खींच लिया है। डॉ अभिमन्यु की दुल्हन डॉ इशिता जल्द ही मध्यप्रदेश की छोटी बहू के रूप में सीएम हाउस में कदम रखने वाली हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button