बालोद : कांस्टेबल ने अपने क्वार्टर में फांसी लगाकर की आत्महत्या…जांच में जुटी पुलिस…

छत्तीसगढ़/बालोद जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां पुलिस विभाग के एक जवान ने अपने ही क्वार्टर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, कांस्टेबल नाइट ड्यूटी पूरी कर वापस अपने क्वार्टर पहुंचा था, इसके कुछ समय बाद उसने अपने ही कमरे में फांसी लगाकर अपना जीवन समाप्त कर लिया। मृतक जवान की पहचान 35 वर्षीय लीवन भुआर्य के रूप में हुई है, जो ग्राम हथौद का निवासी बताया जा रहा है।
चौथे मंजिल में मिली लाश…
यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस लाइन में हुई है। कांस्टेबल का शव चौथे मंजिल पर स्थित उनके कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला, जिसके बाद साथी पुलिसकर्मियों ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी।
आत्महत्या के कारणों का पता नहीं…
फिलहाल इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है कि कांस्टेबल ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पड़ताल जारी है।
जांच में जुटी पुलिस…
घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसके बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।



