नवाचार के मंच पर बिखरी छत्तीसगढ़ के पर्यटन की चमक

रायपुर : नवाचार के मंच पर बिखरी छत्तीसगढ़ के पर्यटन की चमक
इनोवेशन महाकुंभ में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल का स्टॉल बना आकर्षण का केंद्र
ब्रोशर और डिजिटल माध्यमों से पर्यटकों को दी जा रही राज्य की गौरवशाली विरासत की जानकारी
रायपुर, 04 मई 2026 छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत और नैसर्गिक सौंदर्य को राष्ट्रीय पटल पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल द्वारा विशेष पहल की जा रही है। इसी कड़ी में, जगदलपुर में आयोजित “इनोवेशन महाकुंभ 1.0” (4-5 मई) में पर्यटन मंडल का स्टॉल आगंतुकों और नवाचारियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
पर्यटन स्थलों का प्रभावी प्रदर्शन
स्टॉल के माध्यम से छत्तीसगढ़ के विविध पर्यटन केंद्रों को बड़े ही कलात्मक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। यहाँ आने वाले पर्यटकों को बस्तर के विश्व प्रसिद्ध जलप्रपातों, घने वनों, प्राचीन मंदिरों और अद्वितीय जनजातीय संस्कृति से अवगत कराया जा रहा है। पर्यटक सूचना केंद्र के अधिकारियों द्वारा आगंतुकों को राज्य के अनछुए पर्यटन स्थलों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
जागरूकता और प्रचार-प्रसार
पर्यटकों की सुविधा के लिए स्टॉल पर आकर्षक ब्रोशर और गाइड बुक्स वितरित की जा रही हैं। अधिकारियों द्वारा आगंतुकों को विभिन्न पर्यटन सर्किट, परिवहन सुविधाओं, स्थानीय खान-पान और ठहरने की व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से परामर्श दिया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य पर्यटकों को जागरूक करना और उन्हें छत्तीसगढ़ की मनमोहक वादियों की ओर आकर्षित करना है।
नवाचार और पर्यटन का संगम
“इनोवेशन महाकुंभ 1.0” जहाँ उद्यमिता और नए विचारों का संगम बन रहा है, वहीं पर्यटन मंडल की भागीदारी ने इसे एक सांस्कृतिक आयाम भी प्रदान किया है। इस आयोजन के माध्यम से विशेषज्ञों और प्रतिभागियों के बीच न केवल पर्यटन की संभावनाओं पर चर्चा हो रही है, बल्कि इस क्षेत्र में नई साझेदारी के अवसर भी तलाशने की कोशिश की जा रही है।
उभरता पर्यटन गंतव्य
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल की सक्रिय भागीदारी से राज्य को एक उभरते हुए वैश्विक पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में बल मिल रहा है। यह पहल स्थानीय संस्कृति, कला और विरासत को एक व्यापक मंच प्रदान कर राज्य की अर्थव्यवस्था और रोजगार को बढ़ावा देने में सहायक सिद्ध होगी।



