मध्यप्रदेश

जबलपुर में नकली सोने को PNB के अधिकृत गोल्ड वैल्यूअर्स ने असली बताकर बैंक से की लाखों की ठगी…ऐसे हुआ खुलासा

मध्यप्रदेश/जबलपुर : पंजाब नेशनल बैंक में 43 लाख रुपए के गोल्ड लोन घोटाले का खुलासा हुआ। आरोप है कि बैंक के अधिकृत गोल्ड वैल्यूअर्स ने नकली सोने को असली बताकर लाखों का लोन पास कराया। दो वैल्यूअर्स समेत 15 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज।

जबलपुर में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की एक शाखा में गोल्ड लोन घोटाले का मामला सामने आया है। बैंक के अधिकृत गोल्ड वैल्यूअर्स पर आरोप है कि, उन्होंने नकली सोने को असली बताकर करीब 43 लाख रुपए का गोल्ड लोन पास करा दिया।

मामले का खुलासा तब हुआ जब ग्राहकों ने लोन की किस्तें जमा नहीं कीं। इसके बाद बैंक ने गिरवी रखे सोने की जांच कराई। जांच में सोना नकली पाए जाने पर बैंक प्रबंधन ने शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने दो वैल्यूअर्स समेत 15 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नकली सोने को रिपोर्ट में असली बताया…

जानकारी के अनुसार, बैंक में जब कोई ग्राहक गोल्ड लोन लेने आता है तो बैंक वैल्यूअर सोने की शुद्धता की जांच कराता है। पीएनबी की इस शाखा ने न्यू रामनगर स्थित अभिनव ज्वैलर के संचालक राजीव सोनी को वैल्यूअर नियुक्त किया था। सोनी ने 13 ग्राहकों के द्वारा लाए गए नकली सोने को रिपोर्ट में असली बताया था। इसी के आधार पर लोगों को बैंक ने गोल्ड लोन दिया।

राजीव सोनी की पत्नी ने भी लिया लोन…

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि, वैल्यूअर राजीव सोनी की पत्नी भी गोल्ड लोन लेने पहुंची थीं। उनके द्वारा लाए गए सोने की जांच एक दूसरे वैल्यूअर से करवाई गई थी लेकिन उस वैल्यूअर ने भी नकली सोने को असली बताया।

ग्राहकों ने नहीं चुकाई ईएमआई…
पुलिस के मुताबिक, मामला दिसंबर 2023 से अक्टूबर 2024 का है। लोन की अवधि पूरी होने पर ईएमआई नहीं चुके गई। बैंक ने नोटिस जारी किया लेकिन इसके बाद भी कोई बैंक नहीं पहुंचा। जब मैनेजर को शक हुआ तब लॉकर में रखे सोने की जांच करवाई गई। इसके बाद खुलासा हुआ कि, लॉकर में रखा सोना नकली है।

जल्द ही होगी आरोपियों की गिरफ्तारी…
बैंक मैनेजर की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, अब तक की जांच में यह साफ है कि, वैल्यूअर्स ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर इस पूरे घोटाले को अंजाम दिया है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button