छत्तीसगढ़

21 से 25 अगस्त तक ब्रह्माकुमारी संस्था देश भर में चलाएगी रक्तदान महाअभियान…रायपुर शान्ति सरोवर में रविवार 23 अगस्त को रक्तदान महाअभियान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक

21 से 25 अगस्त तक ब्रह्माकुमारी संस्था देश भर में चलाएगी रक्तदान महाअभियान

– पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी प्रकाशमणि के 19 वें पुण्य तिथि पर देशभर में रक्तदान अभियान…

– पांच दिवसीय अभियान में एक लाख से अधिक यूनिट रक्त एकत्रित करने का लक्ष्य…

– ओम शान्ति रिट्रीट सेन्टर दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने किया शुभारंभ…

छत्तीसगढ़/रायपुर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के समाजसेवा प्रभाग द्वारा देशभर में 21 से 25 अगस्त तक पांच दिवसीय विशाल रक्तदान महाअभियान चलाया जाएगा। पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि के 19 वें पुण्य स्मृति दिवस (25 अगस्त, विश्व बंधुत्व दिवस) के उपलक्ष्य में आयोजित इस महाअभियान में भारत सहित नेपाल में एक लाख यूनिट रक्त एकत्रित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत संस्थान के देश भर में स्थित छह हजार से अधिक सेवाकेंद्रों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।

यह जानकारी देते हुए ब्रह्माकुमारी सविता दीदी ने बतलाया कि रायपुर शहर में ब्रह्माकुमारीज के सभी सेवाकेन्द्रों में अलग-अलग दिन रेडक्रास सोसायटी के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएंगे। मुख्य आयोजन शान्ति सरोवर ग्राम सड्ढू रायपुर में रविवार 23 अगस्त को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया जाएगा। रक्तदान करने के लिए उत्सुक लोग अपने निकटस्थ सेवाकेन्द्र से सम्पर्क कर इसमें शामिल हो सकते हैं।

रक्तदान की आवश्यकता बतलाते हुए उन्होंने कहा कि आज भी देश में प्रतिदिन हजारों मरीज समय पर रक्त उपलब्ध न होने के कारण कठिन परिस्थितियों का सामना करते हैं। दुर्घटनाओं, प्रसूति, थैलेसीमिया, कैंसर, बड़ी शल्य चिकित्सा तथा अनेक गंभीर बीमारियों के उपचार में रक्त की निरंतर आवश्यकता होती है। ऐसे समय में स्वैच्छिक रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानव जीवन की रक्षा का सर्वोच्च मानवीय कर्तव्य बन जाता है। ब्रह्माकुमारीज़ का यह अभियान जाति, धर्म, भाषा, क्षेत्र और विचारधारा से ऊपर उठकर सम्पूर्ण मानव समाज को एक विश्व परिवार मानने के आध्यात्मिक दृष्टिकोण पर आधारित है।

उन्होंने जानकारी दी कि रक्तदान अभियान का राष्ट्रीय शुभारंभ भाजपा के अध्यक्ष नितिन नवीन ने ओम शान्ति रिट्रीट सेन्टर दिल्ली में आयोजित कायक्रम में किया है। बता दें कि समाजसेवा प्रभाग द्वारा वर्ष 2025 में भी भारत व नेपाल में रक्तदान अभियान चलाकर रिकॉर्ड 88378 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया था।

(QR कोड को स्कैन करें और अपना रजिस्ट्रेशन करें) 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button