खेल

छत्तीसगढ़ के युवा बल्लेबाज आयुष पांडे का ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ इंडिया-A टीम में लगातार दूसरी बार चयन

छत्तीसगढ़/रायपुर : छत्तीसगढ़ के युवा क्रिकेटर आयुष पांडे ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रभाव छोड़ने वाले आयुष को अब ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ होने वाली चार दिवसीय सीरीज के लिए इंडिया-A टीम में शामिल किया गया है। खास बात यह है कि यह लगातार दूसरी बार है, जब उन्हें इंडिया-A की टीम में जगह मिली है।

इससे पहले जून 2026 में श्रीलंका-A के खिलाफ खेली गई चार दिवसीय सीरीज में भी आयुष भारतीय-A टीम का हिस्सा रहे थे। अब एक बार फिर चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा जताते हुए ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए टीम में शामिल किया है।

पुडुचेरी में होंगे दोनों मुकाबले… 

इंडिया-A और ऑस्ट्रेलिया-A के बीच चार दिवसीय सीरीज के दोनों मुकाबले पुडुचेरी में खेले जाएंगे। पहला मैच 22 से 25 सितंबर 2026 तक, जबकि दूसरा मुकाबला 29 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होगा। इस सीरीज में आयुष के प्रदर्शन पर छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रशंसकों की खास नजर रहेगी।

रणजी ट्रॉफी में बल्ले से मचाया था धमाल… 

आयुष पांडे ने पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में छत्तीसगढ़ की ओर से खेलते हुए अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया था। उन्होंने 7 मैचों की 13 पारियों में 573 रन बनाए थे। इस दौरान उनका औसत 57.30 रहा। आयुष के बल्ले से सीजन में दो शतक और दो अर्धशतक निकले। मुंबई के खिलाफ उनकी 183 रन की पारी विशेष रूप से चर्चा में रही थी। इसी शानदार प्रदर्शन ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

दिलीप ट्रॉफी में भी छोड़ी छाप… 

रणजी ट्रॉफी के प्रदर्शन के बाद आयुष को दिलीप ट्रॉफी के लिए भी चुना गया। वहां उन्होंने दो मैचों की तीन पारियों में 102 रन बनाए और उनका बल्लेबाजी औसत 53.92 रहा। लगातार घरेलू क्रिकेट में बेहतर प्रदर्शन का नतीजा अब इंडिया-A टीम में उनके लगातार चयन के रूप में सामने आया है।

देवदत्त पडिक्कल संभालेंगे टीम की कमान… 

ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ सीरीज के लिए इंडिया-A टीम की कप्तानी देवदत्त पडिक्कल को सौंपी गई है, जबकि साई सुदर्शन उपकप्तान होंगे। टीम में अमन मोखड़े, आयुष पांडे, यश राठौड़ और शेख राशीद समेत कुल 16 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। छत्तीसगढ़ से निकलकर इंडिया-A जैसी टीम में लगातार दूसरी बार जगह बनाना आयुष के लिए बड़ी उपलब्धि है। अब क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि पुडुचेरी में ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ वह अपने बल्ले से एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करेंगे और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button