Singapore पहुंचे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय…SING Forum 2026 में CEO राउंडटेबल में निवेशकों से सीधा संवाद…

SING Forum 2026: सिंगापुर : वैश्विक निवेश मानचित्र पर छत्तीसगढ़ की मजबूत पहचान बनाने की दिशा में राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शनिवार को सिंगापुर पहुंचे। यहां वे सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित SING Forum 2026 में छत्तीसगढ़ की ओर से सहभागिता करेंगे। सिंगापुर पहुंचने पर भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने मुख्यमंत्री साय का आत्मीय स्वागत किया।
छत्तीसगढ़ की SING Forum 2026 में भागीदारी…
सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा पहली बार आयोजित SING Forum 2026 में छत्तीसगढ़ को सहभागी बनने का अवसर मिला है। इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदेश की उपलब्धियों, विकास की संभावनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में मौजूद निवेश अवसरों को वैश्विक निवेशकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। मुख्यमंत्री साय इस मंच के माध्यम से छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमता और राज्य में निवेश के लिए उपलब्ध संभावनाओं से अंतरराष्ट्रीय उद्योग जगत को अवगत कराएंगे।
CEO राउंडटेबल में निवेशकों से सीधा संवाद…
SING Forum 2026 के दौरान आयोजित CEO राउंडटेबल में मुख्यमंत्री साय सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा करेंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों को प्रमुखता से रखा जाएगा। बैठक के माध्यम से राज्य में निवेश के नए अवसर तलाशने और वैश्विक उद्योग जगत के साथ संवाद को मजबूत करने पर जोर रहेगा।
नई औद्योगिक नीति और संसाधनों पर रहेगा फोकस…
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि नई औद्योगिक नीति, प्रचुर प्राकृतिक संसाधन, सुदृढ़ अधोसंरचना और कुशल मानव संसाधन के साथ उभरते क्षेत्रों की संभावनाओं का लाभ उठाकर छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य में उपलब्ध संसाधनों और औद्योगिक संभावनाओं को वैश्विक निवेशकों तक पहुंचाना इस पहल का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
वैश्विक निवेश मानचित्र पर पहचान बनाने का लक्ष्य…
मुख्यमंत्री साय की SING Forum 2026 में सहभागिता छत्तीसगढ़ की विकास संभावनाओं और निवेश अवसरों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर है। राज्य सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में स्थापित करने के साथ वैश्विक निवेश मानचित्र पर प्रदेश की मजबूत पहचान बनाना है।



