छत्तीसगढ़

पिता से बिछड़ गया 5 साल का मासूम…पुलिस ने तत्परता से सुरक्षित परिजनों से मिलवाया…थाना प्रभारी ने आम लोगों से की अपील 

छत्तीसगढ़/बतौली-सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र स्थित साप्ताहिक बाजार में गुरुवार को भीड़ के बीच एक 5 साल का मासूम बच्चा अपने पिता से बिछड़ गया था। करीब दो घंटे तक बाजार में रोते-बिलखते भटक रहे बच्चे को पुलिस ने अपनी सूझबूझ और तत्परता से सुरक्षित थाना पहुंचाया और कुछ ही देर में उसे उसके परिजनों से मिला दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम बोदा निवासी 5 वर्षीय रुद्र अपने पिता मोहित घासी के साथ त्योहारी साप्ताहिक बाजार आया हुआ था। बाजार में अत्यधिक भीड़ होने के कारण रुद्र अपने पिता से बिछड़ गया। बच्चा करीब दो घंटे तक बाजार में रोते हुए अकेला भटकता रहा।

रोते हुए बच्चे पर पड़ी पुलिस की नजर… 

साप्ताहिक बाजार में ड्यूटी पर तैनात प्रशिक्षु एसआई शिव ध्रुव, प्रधान आरक्षक अनूप कुजूर, मेबीस खाखा और आरक्षक जोगी बड़ा की नजर रोते हुए बच्चे पर पड़ी। पुलिसकर्मियों ने जब बच्चे से उसका नाम और पता पूछा, तो वह डर के मारे ‘बोदा और पापा’  ही बोल पा रहा था। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए पुलिस ने बिना देर किए बच्चे को सुरक्षित बतौली थाने ले आई और उसे बैठाकर उसकी देखभाल की।

परिजनों के थाने पहुंचते ही छा गई खुशी… 

थाने लाने के करीब एक घंटे बाद बच्चे के पिता और दादा गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचे। थाने में अपने बच्चे को देखकर पिता भावुक हो गए। उन्होंने तुरंत बतौली पुलिस का आभार व्यक्त किया।

थाना प्रभारी की अपील… 

इस कार्रवाई के बाद बतौली थाना प्रभारी विवेक सेंगर ने क्षेत्र के सभी लोगों से अपील की है। उन्होंने कहा कि, त्योहारी या भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में छोटे बच्चों को लेकर जाएं तो उनका विशेष ध्यान रखें, नहीं तो घर पर छोड़े आपके एक प्रयास से आपका बच्चा सहित परिवार भी सुरक्षित रहेगा। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button