इंदौर मेट्रो के भूमिगत प्रोजेक्ट में 1 दिन में 11 प्रीकास्ट कंक्रीट टनल रिंग लगाने का बना रिकॉर्ड

मध्यप्रदेश/इंदौर: इंदौर मेट्रो के भूमिगत प्रोजेक्ट में निर्माण कार्य ने नई रफ्तार पकड़ ली है। एयरपोर्ट रोड के नीचे करीब 20 मीटर की गहराई में बन रही सुरंग में एक दिन में 11 प्रीकास्ट कंक्रीट टनल रिंग लगाने का रिकॉर्ड बनाया गया है। यहां आमतौर पर एक दिन में 8 से 9 रिंग लगाने का लक्ष्य रहता है। इस उपलब्धि के साथ निर्माण एजेंसी ने तय लक्ष्य से अधिक काम किया है।
बुधवार शाम करीब 5 बजे नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने एयरपोर्ट रोड स्थित निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मेट्रो अधिकारियों और इंजीनियरों से काम की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों के मुताबिक, अब तक करीब 90 मीटर लंबी भूमिगत सुरंग तैयार की जा चुकी है।
ट्रैफिक चलता रहा, नीचे बनती रही सुरंग…
इस प्रोजेक्ट की खास बात यह है कि सड़क पर वाहनों की आवाजाही सामान्य रखते हुए जमीन के करीब 20 मीटर नीचे सुरंग बनाई जा रही है। इसके लिए अत्याधुनिक टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम) का इस्तेमाल किया जा रहा है। निर्माण के दौरान इंजीनियरिंग मानकों और सुरक्षा का ध्यान रखा जा रहा है।
मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि जमीन के नीचे बड़े स्तर पर काम चलने के बावजूद ऊपर सड़क पर यातायात और आम गतिविधियां प्रभावित नहीं हुई हैं। आसपास रहने वाले लोगों को भी नीचे चल रहे बड़े निर्माण कार्य का खास अहसास नहीं हो रहा है।
पूरा काम होने में लगेंगे दो साल
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने मेट्रो के जनरल मैनेजर राजपूत, हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी (एचसीसी) के इंजीनियरों और तकनीकी विशेषज्ञों से चर्चा की। उन्होंने निर्माण कार्य में जुटे कर्मचारियों की मेहनत की सराहना की।
विजयवर्गीय ने बताया कि पूरी भूमिगत सुरंग और उससे जुड़े तकनीकी कार्यों को पूरा करने में अभी करीब दो साल का समय और लग सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि मेट्रो के कई इंजीनियर और कर्मचारी दीपावली के दौरान भी निर्माण कार्य जारी रखेंगे, ताकि प्रोजेक्ट की गति बनी रहे।



