छत्तीसगढ़

कार्तिक पूर्णिमा : 1200 वर्ष प्राचीन ऐतिहासिक सिद्धेश्वर महादेव मंदिर और बालसमुंद तालाब में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा

छत्तीसगढ़/बलौदा बाजार : सदियों पुरानी धार्मिक और लोक सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक पलारी का पुन्नी मेला कार्तिक पूर्णिमा पर आस्था और श्रद्धा के रंग में सराबोर नजर आया। देव दीपावली के पावन अवसर पर पलारी स्थित 1200 वर्ष प्राचीन ऐतिहासिक सिद्धेश्वर महादेव मंदिर और बालसमुंद तालाब में हजारों श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों ने बालसमुंद सरोवर में पवित्र स्नान कर दीपदान किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

पुन्नी स्नान के लिए रात 2 बजे से श्रद्धालुओं की भीड़… 

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर पलारी के बालसमुंद तालाब में पुन्नी स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। तड़के रात 2 बजे से ही जिले और आसपास के क्षेत्रों से लोग सरोवर पहुंचने लगे। हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र जल में स्नान कर भगवान के प्रति आस्था व्यक्त की। इसके बाद परिवार सहित दीपदान कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

त्रिपुरासुर वध से जुड़ी है देवदीवली की मान्यता… 

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली के रूप में मनाया जाता है। मान्यता है कि इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को उसके अत्याचारों से मुक्ति दिलाई थी। भगवान शिव की इस विजय से प्रसन्न होकर देवताओं ने दीप जलाकर उत्सव मनाया था। तभी से कार्तिक पूर्णिमा पर दीपदान की परंपरा चली आ रही है। इस दिन पवित्र सरोवर में स्नान, भगवान शिव और विष्णु की पूजा तथा दीपदान को विशेष पुण्यदायी माना जाता है।

सिद्धेश्वर मंदिर में आस्था का महासंगम… 

पलारी स्थित ऐतिहासिक 1200 साल पुराने सिद्धेश्वर महादेव मंदिर और बालसमुंद तालाब धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र हैं। यहां कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान और दीपदान की परंपरा वर्षों से चली आ रही है। पुन्नी मेले में जिले के विभिन्न क्षेत्रों के साथ आसपास के इलाकों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना और सरोवर के तट पर दीपदान के साथ पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठता है।

सदियों पुरानी परंपरा को आगे बढ़ा रहा पुन्नी मेला… 

पलारी का पुन्नी मेला धार्मिक आयोजन के साथ छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, पारंपरिक खानपान और सामाजिक मेल-मिलाप का भी प्रमुख अवसर है। मेले में ग्रामीण परिवारों और श्रद्धालुओं की मौजूदगी से स्थानीय परंपराओं की जीवंत झलक देखने को मिलती है। कार्तिक पूर्णिमा से प्रदेश में पारंपरिक मड़ई-मेलों की शुरुआत भी मानी जाती है। पलारी का पुन्नी मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि ऐतिहासिक विरासत और लोक परंपराओं को सहेजने का उत्सव भी है। बालसमुंद तालाब और सिद्धेश्वर महादेव मंदिर से जुड़ी आस्था की यह परंपरा पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ रही है। कार्तिक पूर्णिमा पर यहां उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ छत्तीसगढ़ की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की गहरी जड़ों को दर्शाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button