छत्तीसगढ़

बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को मिली बड़ी कामयाबी… नक्सली डम्प ने उगला इतना सोना और नकदी

छत्तीसगढ़/बीजापुर। बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में इंद्रावती नदी के आसपास जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए एक डम्प से 3.84 किलो सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद सोने की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, 27 नवंबर को सुरक्षा बलों को सूचना मिली थी कि इंद्रावती नदी के आसपास के जंगल में माओवादियों ने जमीन के अंदर डम्प छिपाकर रखा है। सूचना मिलने के बाद बीजापुर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन में सर्च अभियान की योजना बनाई गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में डीआरजी, थाना भैरमगढ़ और बीडीएस की संयुक्त टीम को मौके के लिए रवाना किया गया।

पुलिस टीम ने भैरमगढ़ थाने से करीब 8 से 10 किलोमीटर दूर इंद्रावती नदी के पास जंगल में चिन्हित स्थान पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान बीडीएस टीम ने पहले डिमाइनिंग की कार्रवाई की और फिर इलाके की तलाशी ली। इसी दौरान जमीन के अंदर दबाकर रखा गया एक स्टील का डिब्बा मिला।

डिब्बे को खोलकर जांच करने पर उसमें सोने के 33 बिस्किट मिले। प्रत्येक बिस्किट का वजन 10 तोला बताया गया है। इस तरह कुल सोने का वजन 330 तोला यानी करीब 3.84 किलोग्राम निकला। पुलिस ने इसकी अनुमानित बाजार कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये बताई है।

500-500 के 24.22 लाख रुपये के नोट बरामद… 

सोने के अलावा डिब्बे से टेप में लिपटा एक पैकेट भी बरामद हुआ। इसमें 500-500 रुपये के नोटों के रूप में कुल 24 लाख 22 हजार 500 रुपये रखे हुए थे। इस तरह इस कार्रवाई में सोने और नकदी को मिलाकर करीब 4 करोड़ 53 लाख 22 हजार 500 रुपये की संपत्ति बरामद हुई है।

बरामद सोने और नकदी को लेकर भैरमगढ़ थाने में आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि इस डम्प में रखी संपत्ति किस माओवादी संगठन या किस व्यक्ति की थी।

अब तक 12.34 किलो सोना और 8.24 करोड़ से ज्यादा नकदी बरामद

बीजापुर जिले में माओवादी डम्प के खिलाफ सुरक्षा बल लगातार अभियान चला रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, जिले के अलग-अलग इलाकों से अब तक बरामद डम्प से कुल 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपये नकद और 12.34 किलोग्राम सोना मिल चुका है। इंद्रावती नदी के पास हुई ताजा बरामदगी भी इसी अभियान का हिस्सा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button