केशकाल में पहली बार बंग समाज बंगाली कैम्प डिपो द्वारा तीन दिवसीय ‘हरे रामा हरे कृष्णा’ नाम कीर्तन यज्ञ का भव्य आयोजन

छत्तीसगढ़/केशकाल : केशकाल नगर में पहली बार बंग समाज बंगाली कैम्प डिपो द्वारा तीन दिवसीय ‘हरे रामा हरे कृष्णा’ नाम कीर्तन यज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हो रहा आयोजन
जिसके तहत शनिवार को बंग समाज के द्वारा कलश यात्रा निकाली गई। यह धार्मिक आयोजन 28 नवम्बर से 30 नवंबर 2026 तक दुर्गा मंदिर परिसर, रावणभाटा मैदान डिपो केशकाल में संपन्न होगा। आयोजन को लेकर बंग समाज द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आने वाली कीर्तन मंडलियां भगवान श्रीराम एवं श्रीकृष्ण की महिमा का गुणगान करेंगी।
रविवार को सुबह 6 बजे से अखंड नाम कीर्तन होगा प्रारंभ…
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ 28 नवंबर शनिवार को दोपहर 3 बजे कलश यात्रा के साथ हुआ। इसी दिन शाम 6:30 बजे संध्या आरती का आयोजन किया जाएगा।
इसके पश्चात 29 नवंबर रविवार को सुबह 6 बजे से अखंड नाम कीर्तन प्रारंभ होगा। दोपहर 12 बजे से रात्रि 10 बजे तक भोग एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा।
वहीं 30 नवंबर सोमवार को सुबह 6 बजे नाम कीर्तन का विराम होगा तथा इसके पश्चात पदावली कीर्तन का आयोजन किया जाएगा।
ओडिशा के शिवशंकर संप्रदाय की मंडली भी होगी शामिल…
इस धार्मिक आयोजन में कांकेर जिले के पखांजूर से नैनमोनी समुदाय, राम रामानंद संप्रदाय एवं माधवेंद्र संप्रदाय की कीर्तन मंडलियों के साथ ओडिशा के शिवशंकर संप्रदाय की मंडली भी शामिल होगी। विभिन्न कीर्तन मंडलियों की सहभागिता से आयोजन में भक्ति और आध्यात्मिकता का विशेष संगम देखने को मिलेगा।
श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमियों को शामिल होने की अपील
आयोजकों ने नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमियों और समस्त समाजजनों से अपने परिवार, रिश्तेदारों एवं मित्रों के साथ कार्यक्रम में शामिल होकर नाम कीर्तन का पुण्य लाभ लेने की अपील की है। इस तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन के आयोजक बंग समाज बंगाली कैम्प डिपो केशकाल हैं।



