देश-विदेश

नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ के ‘वजन त्यौहार’ की हुई राष्ट्रीय स्तर पर सराहना, बाल पोषण मॉडल की हुई तारीफ…

नई दिल्ली : छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और संरक्षण को लेकर किए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है। नई दिल्ली के सुषमा स्वराज भवन, चाणक्यपुरी में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन-सह-चिंतन शिविर में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया।

सम्मेलन के पहले सत्र में छत्तीसगढ़ की चर्चित पहल ‘वजन त्यौहार’ को विशेष रूप से सराहा गया।

इस अभियान के जरिए बच्चों के वजन, वृद्धि और पोषण की स्थिति को लेकर परिवारों और समुदाय के बीच जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाता है। बच्चों की नियमित वृद्धि की निगरानी के साथ कुपोषण की स्थिति में सुधार लाने के लिए जनभागीदारी को जोड़ना इस पहल की खासियत मानी गई। राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ के इस मॉडल को साझा किए जाने से राज्य की बाल पोषण संबंधी पहल को व्यापक पहचान मिली है।

सम्मेलन में छत्तीसगढ़ शासन की ओर से बाल गृहों में रहने वाले बच्चों के लिए तैयार किए गए स्वास्थ्य प्लान और साप्ताहिक आहार चार्ट को भी सराहना मिली। बच्चों की उम्र और पोषण संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई इस व्यवस्था का उद्देश्य बाल गृहों में रहने वाले बच्चों के स्वास्थ्य और खान-पान की बेहतर निगरानी सुनिश्चित करना है।

महिला सुरक्षा और आंगनबाड़ी सेवाओं पर मंथन… 

राष्ट्रीय सम्मेलन में आंगनबाड़ी सेवाओं को मजबूत बनाने, मिशन वात्सल्य, महिला सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर राज्यों के अनुभव साझा किए जा रहे हैं। साथ ही केंद्र और राज्य स्तर पर संचालित योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए सुझावों और बेहतर कार्यप्रणालियों पर चर्चा हो रही है। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की सहभागिता में छत्तीसगढ़ की इन पहलों को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया गया। इससे राज्य में महिला एवं बाल विकास विभाग की प्राथमिकताओं और जमीनी स्तर पर किए जा रहे कार्यों को देश के सामने रखने का अवसर मिला।

9 अक्टूबर को सम्मेलन में शामिल होंगे प्रधानमंत्री मोदी… 

सम्मेलन के आगामी सत्रों में महिला एवं बाल विकास से जुड़े चारों प्रमुख विषयों पर चर्चा जारी रहेगी। कार्यक्रम के दूसरे दिन 9 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सम्मेलन में शामिल होंगे।

इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर के महिला एवं बाल विकास मंत्री, विभागीय सचिव और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए हैं। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर सहित भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button