केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक के लिए छत्तीसगढ़ के 15 पुलिस अधिकारी और जवान चयनित

छत्तीसगढ़/रायपुर : छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए गौरव की खबर सामने आई है। केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक के लिए छत्तीसगढ़ के 15 पुलिस अधिकारियों और जवानों को सम्मानित किए जाने की जानकारी सामने आई है। स्पेशल ऑपरेशन, इन्वेस्टिगेशन और फॉरेंसिक साइंस जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य और सेवाओं के लिए यह सम्मान दिया जाता है। इस सूची में पुलिस अधीक्षक से लेकर कांस्टेबल स्तर तक के अधिकारी और जवान शामिल हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक के तहत देश के विभिन्न राज्यों की पुलिस के साथ केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), असम राइफल्स, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA), नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (CBIC) सहित विभिन्न सुरक्षा एवं जांच एजेंसियों के अधिकारियों-कर्मचारियों को उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए चुना गया है।
छत्तीसगढ़ से पदक के लिए चयनित 15 पुलिस अधिकारियों और जवानों में पुलिस अधीक्षक रोबिन्सन गुरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रमोद साबड़िया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार नायक और उप पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार नेताम शामिल हैं।
इसके अलावा उप निरीक्षक महेंद्र पोटई, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम कूपल, प्रधान आरक्षक रामकुमार डारो, आरक्षक भुनश्वर मरकाम और आरक्षक जाइणु राम दुग्गा का नाम भी सम्मानित होने वालों की सूची में शामिल है। वहीं बीएफ सीटी राजेश सलाम, बीएफडब्ल्यू सीटी लिखेश्वरी नाग, बीएफ सीटी चमन लाल, सीटी लक्ष्मण राम कोर्रम और सीटी सोमारू राम वड्डे को भी केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक के लिए चयनित किया गया है। यह पदक पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में कार्यरत उन अधिकारियों तथा कर्मचारियों के उत्कृष्ट योगदान को मान्यता देने के उद्देश्य से प्रदान किया जाता है, जिन्होंने विशेष अभियानों, अपराधों की जांच या फॉरेंसिक विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया हो।
छत्तीसगढ़ जैसे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, गंभीर अपराधों की जांच और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अभियान संचालित करने में पुलिस अधिकारियों तथा जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। ऐसे में राज्य के 15 पुलिसकर्मियों का इस प्रतिष्ठित सम्मान की सूची में शामिल होना पुलिस बल के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस सम्मान की विशेष बात यह है कि इसमें वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मैदानी स्तर पर कार्य करने वाले जवानों को भी स्थान मिला है। इससे पुलिस व्यवस्था में अलग-अलग स्तरों पर कार्यरत कर्मचारियों के योगदान को पहचान मिलती है। केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक पुलिसकर्मियों के पेशेवर कौशल, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्य को प्रोत्साहित करने की एक महत्वपूर्ण पहल है। छत्तीसगढ़ के इन 15 अधिकारियों और जवानों का चयन राज्य पुलिस की उपलब्धियों में एक और अध्याय जोड़ता है।



