जबलपुर : ड्यूटी से घर लौट रहे व्यक्ति को तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने टक्कर मारी, व्यक्ति की मौके पर मौत

मध्यप्रदेश/जबलपुर : भेड़ाघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत तेवर में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर और प्रशासनिक लापरवाही जानलेवा साबित हुई है। ड्यूटी से घर लौट रहे एक 54 वर्षीय व्यक्ति को तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद जर्जर सड़क और भेड़ाघाट पुलिस की लगातार अनदेखी से आक्रोशित ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मोर्चा खोलते हुए उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
दरअसल घटना तेवर क्षेत्र की है। 54 वर्षीय श्याम सुंदर पटेल अपनी ड्यूटी खत्म करके वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि श्याम सुंदर पटेल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्रित हो गए।



