बस्तर अब शांति, सुरक्षा और विकास के दीपों की रोशनी से जगमगा रहा…पुलिस ने दिया भाईचारे का संदेश।

छत्तीसगढ़/कोंडागांव : छत्तीसगढ़ में नक्सल मुक्त वातावरण में इस वर्ष कोंडागांव जिले के अंदरूनी एवं पूर्व नक्सल प्रभावित गांवों में ग्रामीणों ने पुलिस के साथ मिलकर दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया।
दीपावली पर लक्ष्मी पूजा के पावन अवसर पर 8 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कोंडागांव पंकज चंद्रा के आदेशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन में कोंडागांव पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के नक्सल मुक्त गांवों में दीपावली उत्सव का आयोजन किया गया।
दूरस्थ गांवों में पुलिस ने ग्रामीणों संग मनाई दीपावली…
इस दौरान पुलिस अधिकारी दूरस्थ एवं अंदरूनी गांवों में पहुंचे और ग्रामीणों के साथ आत्मीयता से त्योहार की खुशियां साझा कीं। आयोजन के दौरान गांव के गायता, पुजारी, सिरहा, मांझी एवं वरिष्ठ नागरिकों के साथ देवालयों में देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना की गई। साथ ही पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था के प्रमुखों एवं वरिष्ठजनों का सम्मान किया गया। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों को मिठाइयां एवं पटाखे वितरित कर दीपावली की खुशियां बांटी गईं। पुलिस की इस पहल से ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इन गांवों में पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मनाया दीपोत्सव…
कार्यक्रम के तहत उप पुलिस अधीक्षक नरेंद्र पुजारी के नेतृत्व में थाना बयानार क्षेत्र के ग्राम पेरमापाल, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कोंडागांव रूपेश कुमार के नेतृत्व में थाना बयानार क्षेत्र के ग्राम आमगांव, उप पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बघेल के नेतृत्व में थाना मर्दापाल क्षेत्र के ग्राम पुसपाल तथा उप पुलिस अधीक्षक अरुण नेताम के नेतृत्व में पुलिस सहायता केंद्र कुएमारी, थाना धनोरा क्षेत्र के ग्राम कुदालवाही में दीपावली मनाई गई। इसी प्रकार उप निरीक्षक अखिलेश धीवर के नेतृत्व में थाना उरंदाबेड़ा क्षेत्र के ग्राम कसई फरसगांव तथा उप निरीक्षक तरुण मैती के नेतृत्व में थाना पुंगारपाल क्षेत्र के ग्राम मटवाल में ग्रामीणों के साथ दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए।
चार दशकों के संघर्ष के बाद शांति और विकास की नई उम्मीद…
बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ संघर्ष कई दशकों तक चला। इस दौरान पुलिस, सुरक्षा बलों, प्रशासन और स्थानीय नागरिकों ने कठिन परिस्थितियों का सामना किया। इस संघर्ष में अनेक जवानों और आम नागरिकों ने अपने प्राण गंवाए। नक्सलवाद के कारण कई गांव लंबे समय तक भय, हिंसा और विकास की कमी से जूझते रहे। लगातार सुरक्षा अभियान, आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास की पहल के साथ सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार ने क्षेत्र में बदलाव की नई राह खोली।
पुलिस ने दिया भाईचारे का संदेश…
31 मार्च 2026 को बस्तर को नक्सलमुक्त घोषित किया जाना इसी लंबे संघर्ष का महत्वपूर्ण पड़ाव रहा। कोंडागांव पुलिस की यह पहल केवल दीपावली मनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि पुलिस और ग्रामीणों के बीच आपसी विश्वास, सहयोग एवं भाईचारे को मजबूत करने का संदेश भी देती है। पुलिस का संकल्प है कि, जिले के प्रत्येक गांव तक शांति, सुरक्षा और विकास का उजाला पहुंचे तथा हर परिवार के जीवन में खुशहाली का दीप जले। बंदूकों की गूंज अब इतिहास बने, दीपों की रोशनी से बस्तर का भविष्य उज्ज्वल बने। यही इस दीपावली आयोजन का सबसे खूबसूरत संदेश रहा।



