मध्यप्रदेश

साधु गंगेश्वर गिरी की हुई थी हत्या…मरने से पहले डायल-112 पर की थी शिकायत, हुआ खुलासा

मध्यप्रदेश/उज्जैन। थाना चिमनगंज मंडी अंतर्गत 17 जून को मंगलनाथ क्षेत्र में हुई साधु गंगेश्वर गिरी की मृत्यु के पश्चात समाधि से लाश निकलकर उसका पोस्टमार्टम करवाया था । जिसका खुलासा पुलिस ने किया है जिसमें साधु की सामान्य मौत नहीं बल्कि हत्या होना सामने आया है । मौत का कारण सीने पर लगी चोट है जो की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पुष्टि हुई । वही पुलिस ने आरोपी को अभिरक्षा में ले लिया गया है।

बता दे कि दिनांक 17 जून को सूचनाकर्ता अनिल कुमार जोशी निवासी जावरा, जिला रतलाम द्वारा सूचना दी गई कि उनके बड़े भाई सुनील जोशी उर्फ गंगेश्वर गिरी, जिन्होंने वर्ष 2010 में सन्यास ग्रहण कर लिया था। पिछले लगभग डेढ़ वर्ष से मंगलनाथ मंदिर के सामने स्थित एक कुटिया में निवासरत थे । दिनांक 10 जून को उनके रिश्तेदार पवन शर्मा की गंगेश्वर गिरी से मोबाइल फोन पर बातचीत हुई थी, जिसके दौरान किसी विवाद जैसी आवाजें सुनाई दी थीं। इसके पश्चात उनका मोबाइल फोन बंद आने लगा। दिनांक 17 जून को जब सुनील जोशी कुटिया पर पहुंचे तो वहां सामान बिखरा हुआ मिला।

पूछताछ करने पर ज्ञात हुआ कि दिनांक 11 जून को गंगेश्वर गिरी कुटिया में मृत अवस्था में पाए गए थे। जिस पर थाना चिमनगंज मंडी पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई। मर्ग जांच के दौरान पुलिस द्वारा मृतक के मोबाइल नंबर की जानकारी प्राप्त कर उसकी तकनीकी जांच की गई। कॉल डिटेल रिकॉर्ड एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करने पर यह तथ्य सामने आया कि घटना दिनांक को मृतक गंगेश्वर गिरी द्वारा डायल-112 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई गई थी

डायल-112 पर की गई शिकायत में मृतक ने बताया था कि कौशिक पिता शशि भूषण सोनी उम्र 24 वर्ष निवासी शिवांश पैराडाइज नामक व्यक्ति द्वारा मामूली विवाद के दौरान उन पर पानी की केन फेंकी गई, जिससे उनके सीने में चोट आई है। कॉल के दौरान पुलिस कर्मियों द्वारा उनसे विस्तृत चर्चा कर उन्हें आवश्यक कानूनी कार्रवाई हेतु थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराने की सलाह दी गई थी। मृतक द्वारा अगले दिन थाना आने की बात कही गई थी, लेकिन वह रिपोर्ट हेतु थाना उपस्थित नहीं हुए एवं उनकी मृत्यु हो गई।

पुलिस द्वारा घटनास्थल से संबंधित साक्ष्य एकत्रित किए गए तथा संबंधित व्यक्तियों के कथन लिए गए । साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त कर उसका परीक्षण किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह तथ्य सामने आया कि मृतक की मृत्यु सीने पर लगी गंभीर चोट के कारण हुई थी। डायल-112 शिकायत, तकनीकी साक्ष्य, गवाहों के कथन एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित संपूर्ण विवेचना में प्राप्त तथ्यों के आधार पर कौशिक पिता शशि भूषण सोनी उम्र 24 वर्ष निवासी शिवांश पैराडाइज को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ जारी है तथा प्रकरण के अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button