दुर्ग : ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा जिले के 7 हायर सेकेंडरी एवं हाई स्कूलों में पहुंचकर 2472 विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।

दुर्ग,(छत्तीसगढ़) :- प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के सहयोग से 2 अगस्त से 20 अगस्त 2026 तक देशव्यापी “10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान” संचालित किया जाएगा।
इस अभियान के अंतर्गत देशभर के छह हजार से अधिक ब्रह्माकुमारीज़ सेवाकेंद्रों एवं लगभग पचास हजार पाठशालाओं में नशामुक्ति जागरूकता एवं प्रतिज्ञा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसी अभियान की तैयारी के क्रम में आज 6 अगस्त 2026 को ब्रह्माकुमारीज़ दुर्ग (छत्तीसगढ़) की तीन टीमों के लगभग 20 भाई-बहनों ने जिले के 7 हायर सेकेंडरी एवं हाई स्कूलों में पहुंचकर 2472 विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
विद्यार्थियों को बताया गया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज और राष्ट्र के भविष्य को भी प्रभावित करता है। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन जीने तथा दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की प्रतिज्ञा दिलाई गई।
विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार एवं समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा आगामी दिनों में विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, शासकीय एवं निजी संस्थानों, उद्योगों, सामाजिक संगठनों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में भी व्यापक स्तर पर नशामुक्ति जागरूकता एवं प्रतिज्ञा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक युवाओं एवं नागरिकों को इस जन-जागरण अभियान से जोड़कर नशामुक्त भारत–विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सके।



