दमोह : पिता ने दो बेटों एक बेटी और मां को उतारा मौत के घाट, 4 हत्याओं से दहला इलाका

मध्यप्रदेश/दमोह : कबीरपुरा से दिल दहला देने वाली खबर है जहां एक पिता ने अपने ही दो बेटों एक बेटी और इन बच्चों की मां (पत्नी) को मौत के घाट उतार दिया है। चार चार हत्याओं के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मामला दमोह जिले के मगरोन थाना क्षेत्र के कबीरपुरा का है यहां रहने वाले द्वारका पटेल नाम के व्यक्ति ने इस ख़ौफ़नाक वारदात को अंजाम दिया है। चार हत्याओं के पीछे की वजह पारिवारिक पति पत्नी का विवाद सामने आया है।
शराबी पति करता था पत्नी पर चरित्र संदेह…
दरअसल द्वारका पटेल और उनकी पत्नी खेमा बाई के बीच बीते साल भर से विवाद चल रहा है, द्वारका शराबी था और चरित्र संदेह पर अपनी पत्नी को परेशान करता था। साल भर पहले पत्नी की रिपोर्ट पर द्वारका पर प्रताड़ना का मुकदमा भी पुलिस ने दर्ज किया था लेकिन बाद में राजीनामा हुआ और दोनों साथ रहने लगे। शराबी पति बाज नहीं आया और पत्नी को परेशान करता रहा। कल यानी शुक्रवार को फिर दोनों के बीच विवाद बड़ा और पत्नी के मायके वाले इस गांव पहुंचे और समझा कर शाम को वापस चले गए।
कुल्हाड़ी से मौत की नींद सुला दिया…
उसके बाद भी पति पत्नी लड़ते रहे और देर रात महिला अपने बच्चों के साथ सो गई लेकिन द्वारका के सर पर खून मंडरा रहा था। रात करीब चार साढ़े चार बजे के आसपास उसने कुल्हाड़ी ली और अपनी पत्नी खेमा दो मासूम बेटों और एक मासूम बेटी को कुल्हाड़ी के वार करके मौत की नींद सुला दिया। सुबह जब आसपास के लोग उठे तो हालात देखकर डर गए। पुलिस को सूचना दी गई और पुलिस मौके पर पहुंची तो तीन बच्चे और उनकी मां खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी थी।
हत्यारा पति गिरफ्तार…
इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद जिला मुख्यालय से एसपी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। हत्यारा पति कुल्हाड़ी लेकर घर के बाहर बैठा था जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है और फिलहाल एक टीम आरोपी से पूंछताछ कर रही है वहीं चारों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जिनमें 7 साल की बेटी और 4 और 1 साल के दो बेटे और मां के शव हैं।



