CM साय ने ओडिशा के CM मोहन चरण माझी से उनके निवास पर की मुलाकात…जनकल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा

छत्तीसगढ़/रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज ओडिशा दौरे पर हैं। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से उनके निवास पर मुलाकात की। दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच आपसी सहयोग, विकास और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए साझा की। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के बीच सहयोग को और गति देने तथा जनहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने को लेकर सार्थक चर्चा हुई है।
आपसी सहयोग को नई गति देने पर जोर…
सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच बेहतर समन्वय के साथ क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में आगे बढ़ने का साझा संकल्प है। दोनों राज्यों के हित से जुड़े विषयों पर मिलकर काम करने और आपसी सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
लिंगराज मंदिर में करेंगे पूजा-अर्चना
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह करीब 9:50 बजे मुख्यमंत्री निवास से स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए। इसके बाद लगभग 10:40 बजे विमान से भुवनेश्वर के लिए प्रस्थान किया। भुवनेश्वर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री लिंगराज मंदिर जाएंगे। यहां वे भगवान लिंगराज के दर्शन कर पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद सीएम साय पुरी के लिए रवाना होंगे।
पुरी में भगवान जगन्नाथ के दर्शन, रात में विश्राम…
ओडिशा दौरे के अगले चरण में मुख्यमंत्री पुरी पहुंचकर भगवान जगन्नाथ मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। धार्मिक कार्यक्रम पूरा होने के बाद मुख्यमंत्री पुरी में ही रात्रि विश्राम करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम करीब 6:30 बजे वे अपने होटल पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के इस दौरे में जहां ओडिशा सरकार के साथ आपसी सहयोग और विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई, वहीं धार्मिक स्थलों के दर्शन भी उनके प्रवास का प्रमुख हिस्सा हैं।



